बंगाणा बाजार में एसडीएम का छापा 30 किलो प्लास्टिक लिफाफे जब्त
दुकानदारों में एक्शन से हडक़ंप, बिना हेलमेट के25 से ज्यादा चालान
कार्यालय संवाददाता-बंगाणा
उपमंडल बंगाणा के बंगाणा बाजार को स्वच्छ, सुंदर, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। उपमंडल प्रशासन की ओर से बाजार में प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 30 किलोग्राम प्लास्टिक लिफाफे जब्त किए गए तथा नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ जुर्माना भी किया गया। प्रशासन की कार्रवाई से बाजार में हडक़ंप मचा हुआ है और दुकानदारों को साफ संदेश दिया गया है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल की अगवाई में प्रशासन द्वारा बाजार की व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य केवल चालान और जुर्माना करना नहीं, बल्कि बंगाणा बाजार को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाकर आम लोगों, दुकानदारों और राहगीरों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करना है। अधिकारियों ने दुकानदारों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग पूरी तरह बंद करें और ग्राहकों को भी पर्यावरण के अनुकूल विकल्प उपलब्ध करवाएं। एसडीएम सोनू गोयल के नेतृत्व में प्रशासन का प्रयास है कि बंगाणा बाजार में दुकानदारों, स्थानीय लोगों और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा बाजार एक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित क्षेत्र के रूप में विकसित हो।
फुटपाथ पर दुकानें सजाने वालों पर कसेगा शिकंजा
बंगाणा बाजार में प्लास्टिक और यातायात नियमों के बाद अब प्रशासन की नजर फुटपाथों और दुकानों के आगे किए गए अवैध कब्जों पर है। बंगाणा बाजार में कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सामान लगाने, अस्थायी ढांचे खड़े करने अथवा फुटपाथ का इस्तेमाल निजी सामान रखने के लिए किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। इससे राहगीरों को परेशानी होती है और उन्हें मजबूरी में सडक़ पर चलना पड़ता है, प्रशासन की ओर से संकेत दिए गए हैं कि जल्द ही ऐसे अवैध कब्जों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को अपनी दुकानों की निर्धारित सीमा के भीतर ही सामान रखने तथा सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथों को खाली रखने की हिदायत दी जाएगी। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से बाजार में पैदल चलने वाले लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। बंगाणा बाजार में कई स्थानों पर दुकानदारों द्वारा दुकान के बाहर सामान लगाने, अस्थायी ढांचे खड़े करने अथवा फुटपाथ का इस्तेमाल निजी सामान रखने के लिए किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
