कंजक पूजन से श्रावण अष्टमी मेलों का आगाज, पहले दिन 79 हजार श्रद्धालु नतमस्तक, मंदिरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रंग-बिरंगे फूलों से सजे शक्तिपीठ; पहले दिन 79 हजार श्रद्धालु नतमस्तक, मंदिरों में भक्तों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
प्रदेश के शक्तिपीठों में गुरुवार को श्रावण अष्टमी मेले का आगाज हवन यज्ञ और कंजक पूजन के साथ हुआ। गुरुवारा को श्रावण अष्टमी के पहले दिन पांच शक्तिपीठों में चिंतपूर्णी, ज्वालामुखी, नयनादेवी, ब्रजेश्वरी देवी, चामुंडा देवी मंदिर में 79 हजार श्रद्धालुओं ने माथा टेका। श्रावण अष्टमी मेलों के लिए रंग-बिरंगे सुगंधित फूलों से मैय्या के मंदिरों को सजाया गया है। इसके अलावा मां के दर्शनों के लिए मंदिर खुलने और बंद करने का भी अलग से समय तय किया गया है।
चिंतपूर्णी मंदिर में 32 हजार ने नवाया शीश
चिंतपूर्णी मंदिर अधिकारी संजीव कुमार नेे बताया कि मंदिर में श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन 32 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। चिंतपूर्णी मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन करने के लिए बेहतर प्रबंध किए हैं।
सुबह साढ़े चार बजे खुलेगा चामुंडा मंदिर
चामुंडा देवी मंदिर में श्रावण अष्टमी मेले के पहले दिन गुरुवार को तीन हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया। मंदिर अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि श्रावण अष्टमी पर विशेष पूजा की जाएगी।
श्रीनयनादेवी के दरबार 12 लाख रुपए चढ़ावा
श्रीनयनादेवी मंदिर मेलों के पहले दिन 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में शीश नवाया। मंदिर न्यास के अध्यक्ष धर्मपाल चौधरी ने बताया कि बुधवार को 12 लाख रुपए चढ़ावा प्राप्त हुआ।
ज्वालामुखी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब
ज्वालामुखी में पहले मेले के दौरान 12,000 श्रद्धालुओं ने माथा टेका। मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल ने बताया कि नवरात्र मेले का आगाज कंजक पूजन के साथ किया गया।
बज्रेश्वरी मंदिर में आस्था का सैलाब
कांगड़ा स्थित बज्रेश्वरी देवी मंदिर में अष्टमी मेले के पहले दिन दो हजार श्रद्धालुओं ने मां के चरणों में माथा टेका। बज्रेश्वरी देवी मंदिर के कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद ने बताया कि मंदिर न्यास की ओर से श्रद्धालुओं में बेहतर प्रबंध किए हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
