नई नौकरियों पर तनातनी, फिर वाकआउट, विधायक कटवाल के सवाल पर सीएम सुक्खू-जयराम आमने-सामने

By: Aug 26th, 2026 12:01 am

विधायक जेआर कटवाल के सवाल पर सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू और जयराम ठाकुर आमने-सामने

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

विधानसभा मानसून सत्र के चौथे दिन प्रश्नकाल के दौरान बेरोजगारी और आउटसोर्स भर्तियों के मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष में फिर टकराव हो गया। पहला ही सवाल भाजपा विधायक जीतराम कटवाल का था, जो पिछले साल से चल रहा था। इसी सवाल के जवाब में पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर आमने-सामने हुए। फिर भाजपा विधायकों की स्पीकर से भी बहस हो गई। मुख्यमंत्री के जवाब से असंतुष्ट होकर विपक्ष ने पहले सदन में नारेबाजी की और फिर बाहर आकर भी खूब नारे लगाए। सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में विपक्ष ने राज्य सरकार पर युवाओं के साथ ठगी करने का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं से वादा करके सरकार सत्ता में आई और अब कार्यकाल पूरा होने को आ गया है, लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का करीब चार साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है, लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिला। कांग्रेस ने हर साल एक लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन सरकार शुरू से अंत तक झूठ बोलती रही। युवाओं का वोट लेकर सत्ता हासिल की गई, लेकिन आज युवा रोजगार के लिए दर-दर भटक रहा है। सदन में भीतर अपने जवाब में मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि सरकार पांच साल में पांच लाख रोजगार के वादे को पूरा करेगी। उन्होंने राजीव गांधी स्टार्ट अप योजना के तहत हुए काम और पुलिस भर्ती के आंकड़े भी सदन में रखे। उन्होंने कहा कि हैल्थ में सरकार ने आक्युपेंसी को 65 फीसदी तक पहुंचा दिया है। अन्य विभागों में सुधार होगा।

बिक्रम ठाकुर बोले, आउटसोर्स भर्तियों की जांच करवाई जाए

सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में पूर्व मंत्री बिक्रम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने प्रदेश में आउटसोर्स पर हो रही भर्ती को लेकर सदन में सवाल पूछा था, लेकिन सदन के भीतर उनकी आवाज को दबाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किस मेरिट के आधार पर नौकरियां दी जा रही हैं और क्या नौकरियों के लिए पैसा लिया जा रहा है। उन्होंने यह भी पूछा कि विजिलेंस केवल विपक्ष के नेताओं की जांच करेगी या भर्तियों की भी जांच होगी। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि उन्होंने इस मामले की जांच एक इंडिपेंडेंट एजेंसी से करवाने की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App