65 रुपए किलो तक पहुंचा चीनी का दाम
एक सप्ताह में 20 रुपए की बढ़ोतरी, त्योहारी सीजन में मिठाई विक्रेताओं की बढ़ी चिंता
कार्यालय संवाददाता-नाहन
श्रावण माह में तीज-त्योहारों का सिलसिला शुरू होते ही चीनी के लगातार बढ़ते दामों ने मिठास फीकी कर दी है। जिला सिरमौर में बुधवार को चीनी का खुदरा भाव 65 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया। दुकानदारों के अनुसार पिछले एक सप्ताह से चीनी के दाम में लगातार वृद्धि हो रही है। एक सप्ताह पहले तक 45 रुपए प्रति किलो बिक रही चीनी के भाव में अब 20 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हो चुकी है। दुकानदारों राजेश कुमार, विकास और सचिन ने बताया कि चीनी के दाम में रोजाना बदलाव हो रहा है। बुधवार को नाहन बाजार में चीनी 65 रुपए प्रति किलो तक बिकी। अचानक बढ़े दामों से आम उपभोक्ताओं के साथ चाय और मिठाई विक्रेताओं की चिंता भी बढ़ गई है।
मिठाई विक्रेताओं का कहना है कि त्योहारी सीजन शुरू हो चुका है। यदि चीनी के दाम इसी तरह बढ़ते रहे तो मिठाइयों के दाम बढ़ाना मजबूरी हो सकता है। चीनी के बढ़ते दामों को लेकर बाजार में अलग-अलग चर्चाएं भी चल रही हैं। कुछ लोग इसकी वजह गन्ने के इथनॉल उत्पादन में इस्तेमाल को बता रहे हैं। हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी के वास्तविक कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक सिरमौर शमशेर सिंह नेगी ने बताया कि खुले बाजार में चीनी के दाम बढऩे की जानकारी विभाग को मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार चीनी की कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए बाजारों का निरीक्षण किया जाएगा। अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, लोगों का कहना है कि नाहन बाजार में चीनी 65 रुपए प्रति किलो तक बिकी। अचानक बढ़े दामों से उनकी चिंता को बढ़ा दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
