आज प्रदेश भर में प्रदर्शन करेगी कांग्रेस, प्रदेश अध्यक्ष ने सभी जिला अध्यक्षों को जारी किए निर्देश
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
भाजपा पर राष्ट्रगान का अपमान के आरोप के बीच कांग्रेस ने अब जिला स्तर पर रोष प्रदर्शन का ऐलान कर दिया है। विनय कुमार ने सभी जिला अध्यक्षों को शनिवार को प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं। इस बीच कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर आरोप दागते हुए कहा कि विपक्ष ने प्रदेश विधानसभा के अंदर राष्ट्रगान का अपमान कर अपनी संकीर्ण मानसिकता को प्रदर्शित कर दिया है। उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा है कि भाजपा ने आज फिर यह साबित कर दिया है कि उसे देश के सम्मान की नहीं, अपनी राजनीति की ज्यादा चिंता रहती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की सोच आजादी से पूर्व और अब भी देश विरोधी है। विनय कुमार ने कहा कि भाजपा नेता देश के इतिहास से छेड़छाड़ कर अपने राजनीतिक एजेंडे पर काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा धर्म के नाम पर कट्टरपंथी ताकतों को बढ़ावा दे रही है और देश के संविधान को कमजोर किया जा रहा है। आरोप लगाते हुए कहा कि देश में ध्रुवीकरण की राजनीति कर भाजपा देश के लोकतंत्र को कमजोर करने पर तुली है। उन्होंने कहा है कि राम के नाम पर चंदा चोरी करने वाली भाजपा का असली चेहरा देश के सामने आ चुका है। उधर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव विनोद जिंटा ने भी भाजपा पर शुक्रवार को निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राष्ट्रगान का अपमान कर देश का भी अपमान किया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
