कांग्रेस वर्किंग कमेटी के फरमान से देश नहीं चलेगा
जयराम ठाकुर बोले, वंदे मातरम् के साथ किसी प्रकार की काट-छांट बर्दाश्त नहीं
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के कांग्रेस नेता यह बात साफ-साफ समझ लें कि यह देश संसद से पारित कानून और संविधान से चलेगा, कांग्रेस वर्किंग कमेटी के फरमान से नहीं। इसलिए कांगेस संविधान और देशवासियों की राष्ट्रीय चेतना के गीत वंदे मातरम् का सम्मान करे। उनके द्वारा वंदे मातरम् के दो छंद गाए जाने का बयान अत्यंत निंदनीय और देश के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का अपमान है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् के सभी छंदों को गाने को लेकर कानून बन गया है। अब राष्ट्रगान के साथ राष्ट्रगीत वंदे मातरम् का अपमान करने और इसके गायन में व्यवधान करने वाले के लिए सजा का प्रावधान है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि 1937 में कांग्रेस ने संपूर्ण वंदे मातरम् का गायन बंद कर दिया था, ताकि मुस्लिम लीग नाराज न हो। इसका परिणाम यह हुआ कि देश के साथ-साथ वंदे मातरम् के भी दो टुकड़े हो गए थे। अब जब 75 साल बाद वंदे मातरम् फिर से पूरा गाया जा रहा है और लाल किले की प्राचीर से यह गीत गूंज रहा है, तो यह कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। जिस तरह से कांग्रेस के नेताओं ने वंदे मातरम् का अपमान किया, वह अक्षम्य है। वंदे मातरम् का अपमान देश सहन नहीं करेगा।
हिमाचल के मुद्दों पर दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी से बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा का कुशलक्षेम भी जाना
दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (बाएं) और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से भेंट के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर


शिमला — नई दिल्ली में शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट की। इस मुलाकात को लेकर जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रधानमंत्री से हिमाचल प्रदेश से संबंधित विभिन्न महत्तवपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। दिल्ली दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से भी मुलाकात की है। यह मुलाकात उनके कुशलक्षेम जानने के लिए थी। जेपी नड्डा कुछ रोज पहले अस्वस्थ हो गए थे और उन्हें एम्स में भर्ती करना पड़ा था। अब स्वस्थ होने के बाद वह काम पर लौट आए हैं। गौर हो कि दूसरी ओर हिमाचल में विधानसभा के मानसून सत्र का पहला दिन था, लेकिन जयराम ठाकुर सुबह ही दिल्ली रवाना हो गए थे। इसलिए वह सदन में भी नहीं थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
