नक्की खड्ड का रौद्र रूप… कार बही, कई गाडिय़ां फंसीं
भारी बारिश के बीच पानी के तेज बहाव ने दिखाया रौद्र रूप, क्रेन से निकाली बही कार
स्टाफ रिपोर्टर- गरली
जसवां-परागपुर क्षेत्र में भारी बारिश के बीच नक्की खड्ड ने ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि सडक़ पर दौड़ती गाडिय़ों के पहिए ही नहीं, लोगों की सांसें भी थम गईं। अचानक बढ़े पानी के तेज बहाव ने खड्ड के किनारे पार्क की गई कार को अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी को काफी दूर तक बहा ले गया। बाद में क्रेन बुलाकर बमुश्किल वाहन को खड्ड से बाहर निकाला गया। हालात यहीं नहीं रुके। तेज बहाव के बीच कई वाहन सवारियों समेत पानी में फंस गए। गाडिय़ों के चारों ओर तेजधार देखकर उनमें बैठे लोगों की जान गले में अटक गई।
अचानक बिगड़े हालात ने साफ कर दिया कि बरसात में नक्की खड्ड को हल्के में लेना कितना भारी पड़ सकता है। नक्की खड्ड का यह उग्र रूप कोई नई बात नहीं है। बरसात के मौसम में खड्ड का जलस्तर अचानक बढऩा यहां लगातार खतरा बना रहता है। करीब दो साल पहले भी करियाड़ा के एक दंपति की कार परिवार सहित नक्की खड्ड के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई थी। उस घटना की याद आज भी स्थानीय लोगों के जेहन में ताजा है। नक्की खड्ड से होकर गुजरने वाला मार्ग कांगड़ा से ऊना और चंडीगढ़ की ओर जाने वाला महत्त्वपूर्ण मुख्य मार्ग और शॉर्टकट है। इस रास्ते से रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में बरसात के दौरान खड्ड का उफान केवल स्थानीय लोगों के लिए ही नहीं, बल्कि दूरदराज से आने-जाने वाले वाहन चालकों और यात्रियों के लिए भी बड़ा खतरा बन जाता है।
पंचरुखी में सडक़ें बनीं नाले, घरों-दुकानों में घुसा पानी
पंचरुखी। मंगलवार रात हुई भारी बारिश ने पंचरुखी क्षेत्र में जमकर कहर बरपाया। लगातार बारिश के चलते नदी-नालों में उफान आ गया, जबकि जलनिकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण कई स्थानों पर पानी सडक़ों पर बहता रहा। कई जगह पानी घरों और दुकानों में घुस गया, जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना रहा और जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।रक्कड़-रजोट-टिककरी मार्ग पर जलनिकासी के लिए उचित नाली नहीं होने के कारण खेतों का पानी सडक़ पर बहता रहा। वहीं, रक्कड़-पपरोला मार्ग की स्थिति भी बारिश के दौरान बदतर हो गई और सडक़ नाले में तब्दील नजर आई। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से ग्रामीण सडक़ों की मरम्मत के साथ-साथ जलनिकासी की उचित व्यवस्था करने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
