परिसीमन बिल को विशेष सत्र नहीं मानसून सत्र में ही लाएगी सरकार

By: Aug 6th, 2026 12:06 am

नई दिल्ली। केंद्र सरकार

द्वारा लंबे समय से लटके परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को पास कराने के लिए संसद का तीन दिवसीय विशेष सत्र बुलाने की अटकलों के बीच संसदीय कार्यमंत्री ने कहा है कि सरकार यह बिल मानसून सत्र में ही लाएगी। इसके लिए कोई विशेष सत्र बुलाने की कोई योजना नहीं है। सरकार की मंशा इन दोनों अहम विधेयकों को जल्द से जल्द पारित कराने की है, लेकिन विपक्ष के कड़े रुख को देखते हुए राह आसान नजर नहीं आ रही। एक तरफ जहां विपक्ष ने परिसीमन बिल पर अपनी हरी झंडी नहीं दी है, वहीं दूसरी तरफ सरकार ने आम सहमति बनाने के लिए विपक्षी दलों से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। संसद में जारी गतिरोध के बीच केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की।

राहुल गांधी के संसद भवन स्थित कार्यालय में हुई यह बैठक करीब 50 मिनट तक चली, जिसमें कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों का रुख साफ है कि वे इस प्रस्तावित विधेयक को लेकर अपनी चिंताओं का समाधान होने के बाद ही कोई अंतिम फैसला लेंगे। विपक्षी दल दो मुख्य मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से संसद में जवाब मांग रहे हैं। पहला कॉकरोच जनता पार्टी प्रदर्शन के दौरान 22 जुलाई को छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई पुलिस कार्रवाई और दूसरा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए आए चंदे में कथित वित्तीय हेरफेर के आरोप। बुधवार सुबह भी राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कई विपक्षी सांसदों ने प्रेरणा स्थल स्थित गांधी प्रतिमा से संसद के मकर द्वार तक पैदल मार्च निकाला और छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App