आज से 35 रुपए किलो प्याज बेचेगी सरकार, आज से देश के अन्य हिस्सों में होगी आपूर्ति
दिव्य हिमाचल ब्यूरो— नई दिल्ली
प्याज की आपूर्ति बढ़ाने और ऊंची कीमतों को थामने के लिए महाराष्ट्र से खास रेलवे रैक कांदा एक्सप्रेस मंगलवार को दिल्ली पहुंची, जहां से देश के बाकी हिस्सों तक बुधवार तक प्याज की आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद केंद्र सरकार दिल्ली-एनसीआर, चेन्नई, कोलकाता और गुवाहाटी में 35 रुपए प्रति किलोग्राम की दर से सस्ता प्याज बेचने की शुरुआत करेगी। उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय की सचिव निधि खरे ने बताया कि कांदा एक्सप्रेस से आपूर्ति के बाद विभाग स्थिति को नियंत्रित कर लेगा और खुदरा बाजार में प्याज की कीमतें नीचे आएंगी। उन्होंने बताया कि यह प्याज पूर्व की भांति नैफेड, एनसीसीएफ, स्टॉल और मोबाइल वाहनों की मदद से बेची जाएगी। दरअसल, अचानक प्याज की कीमतों में बढ़ोतरी से देश के कुछ हिस्सों में भाव 60 से 70 रुपए किलो तक पहुंच गया है, लेकिन अब सरकार ने लगभग आधी कीमत, यानी 35 रुपए किलो प्याज बेचने का ऐलान किया है। देश के जिन क्षेत्रों में प्याज के खुदरा दाम तेजी से बढ़े हैं, वहां समय पर और सस्ते दामों में प्याज पहुंचाने के लिए सरकार ने रेलवे का सहारा लिया है।
महाराष्ट्र के नासिक (सरकारी बफर स्टॉक) से स्पेशल मालगाडिय़ों यानी कांदा एक्सप्रेस के जरिए भारी प्याज की खेप अलग-अलग राज्यों में भेजी जा रही है। उपभोक्ताओं तक यानी आम आदमी को सस्ती दरों में प्याज पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रमुख सरकारी और सहकारी एजेंसियों को सौंपी गई है। त्योहारों के मौसम और मौसमी व्यवधानों के कारण देश के कई शहरों में प्याज की कीमतें 60 से 70 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई थीं। मंत्रालय के अनुसार सरकार के पास पर्याप्त बफर स्टॉक उपलब्ध है। थोक मंडियों और खुदरा बाजारों में रियायती दर पर प्याज की यह निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने से जमाखोरी और सट्टेबाजी पर लगाम लगेगी और आम जनता के रसोई के बजट को राहत मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
