जोरदार टक्कर होते ही हवा में लटक गई निगम की बस
भगेड़-पनौल मार्ग पर सरकारी बस की निजी बस से हुई जोरदार टक्कर, खाई में गिरने से बाल-बाल बची गाड़ी
नजी संवाददाता-भगेड़
बिलासपुर जिले में गुरुवार सुबह भगेड़-पनौल मार्ग पर हनुमान मंदिर के समीप एक बड़ा सडक़ हादसा होते-होते टल गया। जबलू से घुमारवीं की ओर जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस की निजी बस घुमारवीं से गेहड़वीं की ओर जा रही के साथ जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि करीब 40 यात्रियों से भरी एचआरटीसी बस सडक़ किनारे जाकर आधी हवा में लटक गई। सौभाग्यवश सब ठीक रहा अन्यथा एक बड़ा हादसा होने की संभावना को नकारा नहीं जा सकता। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद बस का एक बड़ा हिस्सा गहरी खाई की तरफ लटक गया था।
ऐसे में यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि सडक़ किनारे बना छोटा-सा पैरापिट बस के लिए सहारा बन गया और बस खाई में गिरने से बच गई। यदि बस पैरापिट से टकराकर नहीं रुकती तो हादसा बेहद गंभीर रूप ले सकता था। हादसे में बसों में सवार कुछ यात्रियों को हल्की-हल्की चोटें और खरोंचें आई हैं। हालांकि किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों की मदद की।
33 केवी विद्युत लाइन के पास पहुंची बस
हादसे के बाद एक अन्य महत्वपूर्ण स्थिति भी सामने आई। बस के 33केवी कंदरौर-झंडूत्ता विद्युत लाइन के नजदीक पहुंच जाने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से विद्युत विभाग को लाइन बंद करनी पड़ी। बस को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए विद्युत लाइन को कुछ समय के लिए बंद रखा गया, ताकि राहत एवं हटाने के कार्य में किसी प्रकार का विद्युत हादसा न हो। कार्य पूरा होने के बाद विद्युत आपूर्ति को शीघ्र बहाल कर दी गई थी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
