देवीनगर सडक़ पर फिर मौत का साया
बेकाबू ट्रक दुकान में घुसा; परिवार बाल-बाल बचा, दो दिन में दो बड़े हादसों से सहमे लोग
कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब।
पांवटा साहिब के देवीनगर मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात एक बेकाबू ट्रक सडक़ किनारे बनी दुकान में जा घुसा। टक्कर से दुकान और उसके पीछे बने मकान की दीवार और बाउंड्री वॉल क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि परिवार के सदस्य दूसरे हिस्से में सो रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे की जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार एक दिन पहले ही बांगरण मार्ग पर तेज रफ्तार ट्राले की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो चुकी है, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि करीब एक माह पहले भी इसी मार्ग पर एक ट्रक घर की बाउंड्री तोड़ते हुए अंदर घुस गया था। लोगों के अनुसार मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार, सुरक्षा दीवार और पैरापिट का अभाव हादसों का कारण बन रहा है। आबादी वाले क्षेत्र में न तो पर्याप्त स्पीड ब्रेकर हैं और न ही गति सीमा के संकेतक। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने, स्पीड ब्रेकर लगाने, सडक़ की मरम्मत और रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। थाना प्रभारी पांवटा कुलवंत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
