स्पीकर ने बताया, कैसे चलता है सदन
विधानसभा पहुंचे कान्वेंट आफ जीजस एंड मैरी शैलेडे वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दिओट के छात्र, कुलदीप पठानिया ने किया संवाद
वरिष्ठ संवाददाता-शिमला
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सौहार्द, सामंजस्य तथा सदस्यों के सहयोग से सदन चलता है। हमारे सदन की हमेश ही उच्च परम्परा तथा गरिमा रही है। जिसे विठ्ठलभाई पटेल ने राष्ट्रीय असेम्बली के प्रथम निर्वाचित अध्यक्ष के रूप में सुशोभित कर स्थापित करने का सफल प्रयास किया था। मौजूदा समय में भी हिमाचल प्रदेश विधानमंडल की चर्चा पूरे देश में होती है। विधानसभा अध्यक्ष शुक्रवार को मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही आरंभ होने से पहले कॉन्वेंट ऑफ जीजस एंड मैरी शेलेडे, वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दिओट के बच्चों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान करीब 104 छात्र छात्राओं से स्पीकर कौंसिल चैंबर के गेट नंबर एक पर मुलाकात की और संवाद किया।
छात्रों ने विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया से सदन की कार्यवाही, विधान सभा की कार्यप्रणाली स्पीकर की सदन में भूमिका, विधान सभा का गठन, मंत्रिपरिषद के गठन संबंधी कई प्रश्न पूछे जिसका उन्हांनेे सिलसिलेवार जवाब भी दिया। संवाद के दौरान उन्होने कहा कि हमारी संसदीय व्यवस्था संघीय ढांचे पर आधारित है जो केन्द्र व राज्य के रूप में राष्ट्रीय व राज्य स्तर पर व्यवस्था के अनुरूप बनती है। स्पीकर ने कहा कि केंद्र में संसद है। जिसमें ऊपरी सदन राज्य सभा तथा निचला सदन लोक सभा है, जबकि राज्यों में विधान परिषद तथा विधानमंडल हैं। विधान परिषद का प्रावधान सिर्फ बड़े राज्यों में है।
पठानिया ने कहा कि वह चौदहवीं विधान सभा के सर्वसम्मति से निर्वाचित अध्यक्ष हैं। उनका प्रमुख कार्य विधान सभा की कार्यवाही का संचालन करना होता है जिसके लिए वह सत्ता पक्ष तथा प्रति पक्ष दोनों का सहयोग लेते हैं ताकि सदन की कार्यवाही निर्विघ्न चलती रहे। कानून की पढ़ाई करने वाले छात्रों की ओर इशारा करते हुए पठानिया ने कहा कि आप आने वाले अधिवक्ता तथा न्यायधीश हैं। आप देश के भविष्य हैं तथा इस देश की आजादी लोकतांत्रिक प्रणाली तथा कानून व्यवस्था को उच्च स्तर पर रखना आप सभी की जिम्मेवारी है। पठानिया ने संवाद के दौरान कहा कि देश आजाद कराने में जिन स्वतंत्रता सेनानियों ने अपनी भूमिका निभाई है वह अधिकतर बैरिस्टर थे। मोती लाल नेहरू, विठ्ठलभाई पटेल, जवाहर लाल नेहरू, सरदार पटेल तथा डा. राजेन्द्र प्रसाद जैसे सरीखे नेता इसके ज्वलंत उदाहरण हैं। इस अवसर परव विस अध्यक्ष ने सभी छात्र छात्राओं को अपनी ओर से शुभकामनाएं दी तथा सभी को सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया। इस अवसर उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
