एक साल से फरार चोरी का आरोपी अरेस्ट

By: Aug 28th, 2026 12:51 am

हलवाई की दुकान से पांच लाख की नकदी चोरी का आरोप, अदालत ने चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा
स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
शिमला पुलिस ने चोरी के मामले में करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी योगराज को गिरफ्तार किया है। पुलिस थाना सदर की टीम ने वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की। आरोपी पर वर्ष 2025 में हलवाई की दुकान से गल्ला चोरी कर उसमें रखी करीब पांच लाख रुपए की नकदी ले जाने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामला ममता देवी की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 10 मई 2025 की रात नत्थू राम लच्छमनदास हलवाई की दुकान में चोरी हुई थी।  आरोप है कि योगराज दुकान से गल्ला चोरी कर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि योगराज को पुलिस थाना सुन्नी में दर्ज एक अन्य चोरी के मामले में 19 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद सदर पुलिस ने वर्ष 2025 के चोरी के मामले में भी आरोपी को 26 अगस्त को नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगा, जिस पर अदालत ने चार दिन की पुलिस हिरासत मंजूर की। पुलिस अब आरोपी से चोरी की वारदात, नकदी और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है। साथ ही चोरी की रकम के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App