ईको टूरिज्म साइट्स लेने का आज आखिरी मौका, कम बिडर आने पर विभाग ने 11 तक बढ़ाई थी आवेदन की तारीख
राज्य सरकार ने वन विभाग के तहत 49 साइट्स के आबंटन के लिए आरंभ किया है टेंडर प्रोसेस
वरिष्ठ संवाददाता — शिमला
प्रदेश में 49 ईको टूरिज्म साइट्स के आबंटन के लिए आवेदन करने का मंगलवार को आखिरी मौका है। वन विभाग ने पर्याप्त संख्या में बिडर नहीं आने के कारण टेंडर प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है। इसके तहत 11 अगस्त तक इच्छुक संचालक टेंडर प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं, जबकि पहले यह समय अवधि तीन अगस्त तक थी। ऐसे में मंगलवार को टेंडर प्रक्रिया में शामिल होने का अंतिम दिन है। गौर हो कि वन विभाग ने प्रदेश के 15 वन मंडलों में चिन्हित 49 इको टूरिज्म साइट्स के विकास, संचालन और प्रबंधन के लिए जुलाई में टेंडर प्रक्रिया शुरू की थी। पहले तीन अगस्त तक टेंडर प्रक्रिया में हिस्सा लेने की समय अवधि निर्धारित की थी, लेकिन उस दौरान अपेक्षा के मुताबिक बिडर नहीं आए और महज छह से सात आवेदन ही इसके लिए मिले थे। ऐसे में वन विभाग ने इच्छुक लोगों को आवेदन का एक और अवसर देने के लिए समय सीमा बढ़ाई है।
बढ़ाई गई समय सीमा के अनुसार 11 अगस्त तक बिड जमा होनी है। इसके बाद 13 और 14 अगस्त को सुबह तकनीकी बिड खोली जाएंगी। वित्तीय बिड 17 अगस्त को खोलने का दिन विभाग ने निर्धारित किया है। प्रदेश सरकार द्वारा चिन्हित 49 ईको टूरिज्म साइट्स का आबंटन ईको टूरिज्म नीति में नियमों में किए संशोधन के तहत किया जा रहा है। इसमें संचालकों को इन साइट्स के संचालन की जिम्मेदारी 15 वर्षों के लिए सौंपी जाएगी। निर्धारित शर्तों के तहत इस अवधि को आगे पांच साल के लिए बढ़ाने का भी प्रावधान रखा गया है। चिन्हित 49 ईको टूरिज्म साइट्स प्रदेश के धर्मशाला, शिमला, रामपुर, बिलासपुर, मंडी, नाहन, चंबा, सोलन और वन्यजीव धर्मशाला वन सर्किल में चिन्हित की गई हैं।
पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने पर प्रदेश सरकार का जोर
इन साइट्स पर पर्यटकों के लिए प्रकृति आधारित पर्यटन गतिविधियां विकसित की जाएंगी। राज्य सरकार का जोर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर रहेगा। साइट्स की क्षमता के अनुसार ही गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इससे प्रकृति संरक्षण के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बता दें कि प्रदेश में पहले ही ईको टूरिज्म सोसायटी के माध्यम से चार चरणों में 17 साइट्स का आबंटन किया जा चुका है। अब 49 नई साइट्स के लिए प्रक्रिया चल रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
