आज बहनें बांधेगी भाइयों की कलाई पर राखी

By: Aug 28th, 2026 12:50 am

एक दिन पहले बाजारों में सुबह से शाम तक उमड़ी रही महिलाओं-युवतियों की भीड़, राखियों के साथ मिठाइयों की खरीददारी

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
भाई बहन के रिश्ते से जुड़े प्रेम और विश्वास का प्रतीक त्योहार रक्षाबंधन आज मनाया जाएगा। बहनें अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उसकी लंबी उम्र और समृद्धि की कामना करती है, साथ ही रक्षा सूत्र बांधकर अपनी रक्षा का वचन लेती हैं। वहीं भाई भी बहनों को उपहार देते हैं। पर्व को लेकर शहर के बाजारों में पिछले कई दिनों से तैयारियां चल रही थी और राखी से एक दिन पहले गुरूवार को बाजारों में खरीददारी के लिए महिलाओं और युवतियों की भीड़ देखने को मिली। राधा कृष्ण मंदिर के पंडित उमेश चंद्र नौटियाल ने बताया कि इस बार रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त शुक्रवार को मनाया जाएगा। राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 5:57 बजे से सुबह 9:48 बजे तक रहेगा। पूर्णिमा तिथि समाप्त होने के कारण यह प्रात: काल का समय सबसे उत्तम माना गया है। इस दौरान शुभ मुहूर्त की अवधि 3 घंटे 51 मिनट रहेगी। सुबह 7:33 बजे से 9:10 बजे तक लाभ- मुहूर्त रहेगा।

सुबह 9:10 बजे से 9:48 बजे तक अमृत-सर्वोत्तम मुहूर्त रहेगा। उन्होंनें बताया कि यदि सुबह का समय छूट जाए, तो दोपहर में भी राखी बांधी जा सकती है। दोपहर का शुभ समय-12:23 बजे से 2:00 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि श्रावण पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त सुबह 9:09 बजे शुरू होगी और 28 अगस्त 2026 को सुबह 9:49 बजे समाप्त होगी। भद्रा 27 अगस्त को ही समाप्त हो चुकी होगी, इसलिए 28 अगस्त को राखी बांधने में कोई बाधा नहीं रहेगी। रक्षाबंधन पर्व के उत्साह का माहौल गुरुवार से ही शिमला के बाजारों में देखने को मिला। सुबह 9 बजे से ही शहर के सभी बाजारों में बहने अपने पसंद की राखियां खरीदने बाजारों में पहुंच गई। शहर के सबसे प्रसिद्ध बाजार लोअर बाजार में सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक भारी भी महिलाओं और युवतियों की देखने को मिली। लोअर बाजार में जगह-जगह पर विक्रेताओं ने राखी के स्टाल लगाए हुए हैं।

मिठाइयों की दुकानों पर लगी भीड़
मिठाइयों की दुकानों पर पूरा दिन खासी भीड़ लगी रही। कुछ दुकानदारों ने राखी के लिए कई प्रकार की स्पेशल मिठाइयां तैयार की है। जिसमें पिस्ता बाइट और कई प्रकार की मिठाइयां शामिल हैं। शुक्रवार को शहर के लोअर बाजार में मिठाइयों की दुकानों पर भी महिलाओं की भीड़ लगी रही। राखी के लिए स्पेशल मिठाइयां भी बनाई है, जिनकी लोग खरीददारी कर रहे है। मेहरू स्वीट्स के शिवम लखनपाल ने बताया कि राखी के लिए स्पेशल मिठाइयां तैयार की है, जिसमें बकलावा, पिस्ता बाइट और कई स्पेशल मिठाइयां शामिल हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App