तबाही की बारिश…बंगाणा में युवक बहा, रास्ते डूबे, सडक़ें खराब

By: Aug 20th, 2026 12:02 am

मूसलाधार बारिश ने बढ़ाई दिक्कतें, जन-जीवन हुआ अस्त-व्यस्त, खड्डों में जोरदार बहाव, अभिभावकों को आई भारी परेशानी

स्टाफ रिपोर्टर-दौलतपुर चौक
क्षेत्र के अप्पर नंगल जरियालां में 05 अगस्त 2026 को करीब 45 वर्ष पुरानी दो पुलियों के क्षतिग्रस्त होने के बाद अब भारी बारिश ने स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। बुधवार सुबह तेज बारिश के कारण पुलियों के ऊपर से रास्ता बंद किए जाने के वाद खड्ड के किनारे बनाया गया वैकल्पिक रास्ता भी खराब हो गया, जिसके चलते स्कूल बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ऐसे में कई विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच सके।स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार सुबह विभिन्न स्कूलों में जाने वाले बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई अभिभावकों को बच्चों को पैदल लेकर जाना पड़ा, जबकि कुछ स्थानों पर खड्ड पार कर बच्चों को निजी स्कूल बसों तक पहुंचाना पड़ा। स्कूल बसों के नियमित आवागमन में बाधा आने से विद्यार्थियों और अभिभावकों में चिंता बनी रही।

लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान यदि वैकल्पिक मार्ग भी इसी तरह प्रभावित होता रहा तो विद्यार्थियों, दैनिक यात्रियों और स्थानीय निवासियों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं। गौरतलब है कि 5 अगस्त को लोक निर्माण विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर नंगल जरियालां की दोनों जर्जर पुलियों के ऊपर से आवागमन बंद कर दिया था। लगातार बारिश के कारण पुलियों के दोनों ओर बने ईंटों के ढंगों से ईंटें खिसक गई थीं और पुलियों का कुछ हिस्सा हवा में आ गया था। विभाग ने लोगों की सुविधा के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किया था, लेकिन बुधवार को हुई भारी बारिश से यह मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। यह मार्ग नंगल जरियालां और आसपास के क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मुद्रिका बस सहित अन्य बसें प्रतिदिन इस मार्ग से कई चक्कर लगाती हैं। इसके अलावा पंजाब की ओर जाने वाले छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही भी इसी मार्ग से होती है। ऐसे में वैकल्पिक मार्ग के खराब होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों शौर्य चक्र कैप्टन सुशील जरियाल, बीडीसी बृज वाला सूद,मंजू जरियाल इत्यादि ने बहाली मांगी है।

बारिश के तेज बहाव में बहा युवक, ग्रामीणों ने बचाया

बंगाणा। बंगाणा क्षेत्र के भरमौत गांव में बुधवार सुबह बारिश के कारण दगडू जोल नाले में अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आने से 30 वर्षीय रिंपल कुमार बह गया। घटना के बाद गांव में हडक़ंप मच गया। ग्रामीण तुरंत युवक की तलाश में जुट गए और कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे रिंपल कुमार दगडू जोल नाले के पास था। इसी दौरान बारिश के कारण नाले में अचानक पानी का बहाव तेज हो गया और वह उसकी चपेट में आ गया। पानी का तेज बहाव उसे करीब 50 मीटर तक बहाकर ले गया। इसके बाद युवक आगे लगे बांस के झुंड में फंस गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना का पता चलते ही उन्होंने तुरंत उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी प्रयासों के बाद ग्रामीणों ने रिंपल कुमार को सुरक्षित खोज निकाला। युवक के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।पुलियों पर आवाजाही बंद होने और बारिश में वैकल्पिक मार्ग के खराब होने से सबसे अधिक परेशानी स्कूली विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है। बुधवार सुबह कई बच्चे स्कूल बसों तक नहीं पहुंच पाए। अभिभावकों को बच्चों को पैदल लेकर जाना पड़ा और कुछ स्थानों पर खड्ड पार कर बसों तक पहुंचाना पड़ा। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बरसात के दौरान वैकल्पिक मार्ग की नियमित निगरानी की जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App