आदर्श अस्पताल थानाकलां में होंगे अल्ट्रासाउंड
25 हजार परिवारों को मिलेगी सुविधा, अब अल्ट्रासाउंड के लिए नहीं भटकना पड़ेगा बाहर
स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्व पूर्ण कदम उठाया गया है।थानाकलां के आदर्श अस्पताल में 28 लाख रुपये की लागत से स्थापित नई अल्ट्रासाउंड मशीन का सोमवार को कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने शुभारंभ किया। मशीन शुरू होने से क्षेत्र के करीब 25 हजार परिवारों को स्थानीय स्तर पर अल्ट्रासाउंड की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे मरीजों को जांच के लिए ऊना सहित अन्य स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिलेगी।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि थानाकलां अस्पताल को क्षेत्र के लिए बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल में जल्द ही ब्लड बैंक का उद्घाटन किया जाएगा, इसके अलावा अस्पताल परिसर में पार्किंग की सुविधा विकसित करने, सस्ती दवाइयों की दुकान खोलने तथा कैंटीन शुरू करने की भी तैयारी की जा रही है। इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को काफी राहत मिलेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
