अमरीकी एयरफोर्स का विमान रूस में लैंड, ट्रंप का एयरफोर्स वन ऑपरेट करने वाले मिलिट्री बेस से भरी उड़ान
ट्रंप का एयरफोर्स वन ऑपरेट करने वाले मिलिट्री बेस से उड़ान भरी; रूस बोला, हमें खबर नहीं
एजेंसियां— मॉस्को
अमरीकी एयरफोर्स का ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट सी-17 ग्लोबमास्टर मंगलवार को मॉस्को के एक एयरपोर्ट पर उतरा। अमरीका और रूस में जारी तनाव के बीच इस अमरीकी सैन्य विमान की रूस में लैंडिंग लोगों को चौंका रही है। खास बात यह है कि विमान ने 23 अगस्त को वॉशिंगटन डीसी के पास मौजूद ज्वॉइंट बेस एंड्रयूज से उड़ान भरी थी। यही वह अमरीकी सैन्य अड्डा है, जहां राष्ट्रपति के विमान खड़े रहते हैं। इसमें एयरफोर्स वन भी शामिल है। विमान को मॉस्को क्यों भेजा गया, इसमें कौन सवार था और क्या सामान ले जाया गया, इसका जवाब अभी नहीं मिला है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रूस का कहना है कि उसे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। अमरीका ने भी इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। रिकॉर्ड के मुताबिक, सी-17 23 अगस्त को पहले लातविया की राजधानी रीगा पहुंचा। फिर इसके बाद मंगलवार को मॉस्को के लिए सुबह करीब 9 बजे रवाना हुआ। इसमें उसे 74 मिनट लगे। इस उड़ान की एक और खास बात यह रही कि विमान रूस के हवाई क्षेत्र से होकर मॉस्को पहुंचा। रूस ने भले ही कहा हो कि उसे इस विमान की यात्रा की जानकारी नहीं है, लेकिन नियम के मुताबिक किसी भी अमरीकी सैन्य विमान को इस रास्ते से उड़ान भरने के लिए रूसी अधिकारियों की मंजूरी जरूरी है।
यूएस डिफेंस मिनिस्टर के रूस जाने की चर्चा
कुछ दिनों से आ रही मीडिया रिपोट्र्स में कहा जा रहा है कि अमरीकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ यूके्रन युद्ध को लेकर रूस के साथ रुकी हुई बातचीत को आगे बढ़ाने के लिए मॉस्को जा सकते हैं। अमरीका और यूरोपीय अधिकारियों ने रूस के सामने रखने के लिए एक नया प्रस्ताव तैयार किया है। अमरीका और रूस के बीच यूके्रन युद्ध खत्म करने को लेकर बातचीत फिलहाल लगभग ठप है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
