वैभव की टीम दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में, अढ़ाई दिन में जीता ईस्ट जोन, अनुकूल ने चटकाए पांच विकेट
एजेंसियां— बंगलुुरु
बाएं हाथ के स्पिनर अनुकूल रॉय ने पांच विकेट चटकाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने भी दो विकेट लिए, जिससे ईस्ट जोन ने मंगलवार को बंगलुरू में नॉर्थ ईस्ट जोन को पारी और 210 रन से करारी शिकस्त देकर दलीप ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। यह मुकाबला अढ़ाई दिन के भीतर ही समाप्त हो गया। ईस्ट जोन ने पहली पारी में 467 रन बनाए थे, जिसके जवाब में नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम पहली पारी में महज 111 रन पर सिमट गई। टीम इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में भी 146 रन पर आउट हो गई।
तीसरे दिन दूसरी पारी में केवल 50 ओवर में ही मुकाबला समाप्त हो गया। सात रन पर बिना किसी नुकसान से दिन की शुरुआत करने वाली नॉर्थ ईस्ट जोन की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। अनुकूल रॉय ने 15 ओवर में 37 रन देकर पांच विकेट लिए।
वैभव ने चार गेंद पर झटके दो विकेट
बंगलुरु। दलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने चार बॉल में दो विकेट ले लिए। ईस्ट जोन की ओर से खेल रहे वैभव ने नॉर्थ ईस्ट जोन की दूसरी पारी में एक ही ओवर में दो विकेट हासिल किए। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर किशन लिंगदोह और पांचवीं गेंद पर इमलीवाती लेमटूर को आउट किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
