ईरान में भारत के नए राजदूत बने किन्नौर के विश्वेश नेगी, तेहरान, रोम और लंदन में निभा चुके हैं कई जिम्मेदारियां

By: Aug 7th, 2026 10:41 pm

वरिष्ठ संवाददाता — रिकांगपिओ

जनजातीय जिला किन्नौर की पूह तहसील के कानम गांव के मूल निवासी और भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 2002 बैच के वरिष्ठ अधिकारी विश्वेश नेगी ईरान में भारत के नए एंबेसेडर नियुक्त किए गए हैं। वर्तमान में वह भारत सरकार के विदेश मंत्रालय में संयुक्त सचिव (ओशिनिया) के पद पर कार्यरत थे। विश्वेश नेगी की यह नियुक्ति प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। अपने कूटनीतिक करियर के दौरान श्री नेगी ने भारत के तेहरान (ईरान), रोम (इटली) और लंदन (यूके) स्थित भारतीय मिशनों में विभिन्न महत्त्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। वह पूर्व में तेहरान में द्वितीय सचिव (राजनीतिक), रोम में प्रथम सचिव (राजनीतिक) तथा लंदन में मंत्री (राजनीतिक एवं प्रेस) के रूप में कार्य कर चुके हैं। संयुक्त सचिव (ओशिनिया) का दायित्व ग्रहण करने से पूर्व वह वर्ष 2022 से 2025 तक रक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली में संयुक्त सचिव (अंतरराष्ट्रीय सहयोग) के पद पर कार्यरत रहे।

विदेश मंत्रालय मुख्यालय में भी उन्होंने संयुक्त राष्ट्र, पाकिस्तान, अफगानिस्तान तथा श्रीलंका प्रभागों में निदेशक, उप सचिव एवं अवर सचिव के रूप में महत्त्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। श्री नेगी ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र एवं लोक प्रशासन में स्नातकोत्तर उपाधियां प्राप्त की हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने वर्ष 2008 में अमरीका के जॉर्ज वॉशिंगटन विश्वविद्यालय के इलियट स्कूल ऑफ इंटरनेशनल अफेयर्स से अमरीकी विदेश नीति में डिप्लोमा भी किया है। वह फारसी (पर्शियन) भाषा में भी दक्ष हैं। उनकी इस महत्त्वपूर्ण नियुक्ति से प्रदेश, विशेषकर किन्नौर के लोगों में हर्ष का माहौल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App