व्हाइट पेपर कमेटी खोलेगी भाजपा की पोल, CM सुक्खू ने विपक्ष के वाकआउट को बताया गैर-जिम्मेदाराना राजनीति
कार्यालय संवाददाता — शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विधानसभा में भाजपा पर जोरदार पलटवार करते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए कथित वित्तीय कुप्रबंधन और भ्रष्टाचार के मामले जल्द ही जनता के सामने होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस पूरे मामले की पड़ताल के लिए व्हाइट पेपर कमेटी का गठन किया है। कमेटी अपनी रिपोर्ट में तथ्यों, आंकड़ों और साक्ष्यों के साथ भाजपा सरकार के कार्यकाल की वास्तविक तस्वीर सामने रखेगी। विधानसभा सत्र के दौरान मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नेताओं को अभी से बेचैनी होने लगी है, लेकिन व्हाइट पेपर कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद सब साफ हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि सरकार किसी भी मामले को दबाने वाली नहीं है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों को प्रदेश की जनता के सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने विपक्ष के सदस्यों को सवाल पूछने और सरकार से जवाब लेने के लिए पर्याप्त समय दिया। इसके बावजूद नियमों के विपरीत अतिरिक्त सवाल पूछने की जिद करना और वॉकआउट करना विपक्ष के गैर-जिम्मेदाराना रवैये को दर्शाता है।
हर सवाल का जवाब देेंगे
सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार विपक्ष के सवालों से भागने वाली नहीं है। स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार और प्रदेश के विकास सहित प्रत्येक मुद्दे पर सदन में गंभीर और विस्तृत चर्चा होगी। सरकार विपक्ष के हर सवाल का तथ्यात्मक और आंकड़ों के साथ जवाब देने के लिए तैयार है।भाजपा को आरोप लगाने के बजाय तथ्यों के साथ सदन में चर्चा करनी चाहिए। सरकार आने वाले दिनों में विधानसभा में कई महत्त्वपूर्ण विषयों पर सरकार अपनी स्थिति स्पष्ट करेगी।
सहारा पेंशन योजना शुरू
सीएम सुक्खू ने कहा कि हिमाचल सरकार ने सहारा पेंशन योजना शुरू कर दी है। प्रदेश में 3000 लोगों को सहारा पेंशन मिलना शुरू हो गई है। पहले यह योजना स्वास्थ्य विभाग के साथ हुआ करती थी, अब इसे वेलफेयर विभाग की ओर से चलाया जा रहा है। योजना को लेकर सरकार ने कुछ नियम तय किए हैं। जिन लोगों को सहारा पेंशन योजना नहीं मिल रही है। आंगनबाड़ी का कर्मचारी ऐसे लोगों को चिन्हित करेंगे और लोगों को पेंशन का लाभ दिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
