छह जून को सभी पार्षद थे तब चुनाव क्यों नहीं करवाए
दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिमला जिला परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष का चुनाव नहीं करवाने पर कहा कि शिमला जिला परिषद के निर्वाचित सदस्यों को अपने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव करवाने के लिए दोबारा हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना पड़ रहा है। यह स्थिति अपने आप में बताती है कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं और जनता के जनादेश के प्रति सरकार का रवैया क्या है।
उन्होंने कहा कि ममता एवं अन्य बनाम हिमाचल प्रदेश राज्य एवं अन्य के नाम से 10 अगस्त को दायर याचिका में 13 निर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने राज्य निर्वाचन आयोग, हिमाचल प्रदेश सरकार और उपायुक्त शिमला को प्रतिवादी बनाते हुए अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए वैधानिक बैठक तत्काल बुलाने की मांग की है। जयराम ने कहा, जब छह जून को कोरम पूरा था, शपथ हो चुकी थी, तो अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का चुनाव क्यों नहीं कराया गया? किसके फोन का इंतजार था?
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
