मंदिरों में धनवर्षा, चार अरब चढ़ावा, केवल सिंह पठानिया के सवाल पर डिप्टी सीएम ने सदन में रखे चढ़ावे के आंकड़े

By: Aug 22nd, 2026 12:01 am

वरिष्ठ संवाददाता — शिमला

हिमाचल के मंदिरों में करीब तीन वर्षों की समयावधि में श्रद्धालुओं ने चार अरब से अधिक की राशि चढ़ावें के तौर पर अर्पित की है। भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग के अधीन आने वाले राज्य के 36 मंदिरों में से 31 के चढ़ावे की राशि का यह आंकड़ा है। इनमें 21 मंदिर ऐसे भी हैं, जहां पर इस अवधि में करोड़ों रुपए का चढ़ावा हुआ है। विधायक केवल सिंह पठानिया के तारांकित प्रश्र के लिखित जवाब में डिप्टी सीएम मुकेश अग्रिहोत्री ने यह आंकड़े दिए है। यह आंकड़े एक जनवरी 2024 से पहली अगस्त, 2026 तक के है। आंकड़ों के तहत वर्ष 2024 में इन मंदिरों में 1,53,32,04,831 रुपए की राशि अर्पित की गई है, जबकि वर्ष 2025 में 1,57,51,41,576 और पहली अगस्त, 2026 तक 1,09,04,91,044 रुपए का चढ़ावा चढ़ा है।

इस हिसाब से तीन वर्षो की इस समयावधि में प्रदेश के इन मंदिरों में श्रद्धालुओं ने 4,19,88,37,451 रुपए की राशि चढ़ावे के तौर पर अर्पित की है। डिप्टी सीएम ने बताया कि संबंधित अधिनियम के तहत किए प्रावधानों के तहत इस राशि को तीर्थ स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं की मूलभुत सुविधाएं प्रदान करने, प्रशासनिक कार्यो, कर्मचारियों के वेतन, बिजली बिल, सुरक्षा व्यवस्था, विकास कार्यो, मंदिर सौंदर्यीकरण समेत शिक्षण संस्थानों के संचालन व गौशाला तथा धार्मिक अनुष्ठानों एवं मेलों व पुजारी हिस्सों के आबंटन आदि में खर्च किया जाता है। मंदिरों की आय का 15 प्रतिशत गौसदन के निर्माण एवं रखरखाव तथा उन्नयन या गौवंश संवर्धन के लिए उपयोग किया जा सकता है।

नेरचौक मेडिकल कॉलेज शिफ्ट करने का मामला विचाराधीन

जिला मंडी के नेरचौक स्थित अटल चिकित्सा एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय को नेरचौक से सरकाघाट शिफ्ट करने का मामला राज्य सरकार के विचाराधीन है। सरकार ने यह भी साफ किया है कि इस विवि को नेरचौक के निकट भूमि पर बदलने का कोई भी विचार नहीं रखती है। मानसून सत्र में भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी की ओर से पूछे सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री सुक्खू ने लिखित तौर पर यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि अटल चिकित्सा एवं अनुसंधान विवि वर्तमान में श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय नेरचौक के परिसर में चल रहा है। जगह की कमी तथा कॉलेज परिसर में मरीजों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए सीएम की ओर से 15 अगस्त, 2025 की घोषणा के अनुरूप इस विवि को सरकाघाट में स्थानांतरित करने संबंधी रिपोर्ट विचाराधीन है।

आयुष फार्मासिस्ट भर्ती में आयु सीमा में छूट पर विचार नहीं

विधायक आशीष शर्मा के सवाल पर आयुष मंत्री ने लिखित जवाब में बताया है कि आयुष फार्मासिस्ट की भर्ती में आयु सीमा में छूट देने का कोई विचार नहीं है। प्रदेश में आयुष विभाग के तहत आयुष फार्मासिस्ट के 111 पद रिक्त है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक जनवरी 2023 से अब तक कुल 81 आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारी (आयुष फार्मासिस्ट) के पदों पर अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी गई है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा इन पदों पर प्रचलित भर्ती एवं पदोन्नति के नियमों के तहत भरने की प्रक्रिया की जाती है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों के तहत पांच पदों पर नियमों के तहत आयुर्वेदिक फार्मेसी अधिकारियों के पांच पद बैचवाइज आधार पर भरने हेतु प्रक्रियारत है। मंत्री ने बताया है कि पांच पदों के अलावा अन्य रिक्त पदों को भरने का कोई भी मामला विभाग के विचाराधीन नहीं है।

हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में फर्नीचर को 10.33 करोड़ मंजूर

प्रदेश के दो नए राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालयों हमीरपुर और चंबा में फर्नीचर खरीद को लेकर विधानसभा में महत्त्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार द्वारा पूछे गए तारांकित प्रश्न के लिखित जवाब में सरकार ने बताया कि डॉ. राधाकृष्णन राजकीय आयुर्विज्ञान एवं अस्पताल हमीरपुर के नए भवनों में फर्नीचर खरीद के लिए 10 करोड़ 32 लाख 96 हजार 511 रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही एक करोड़ 72 लाख 8 हजार 750 रुपए खर्च करने की स्वीकृति भी दी गई है। वहीं, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय एवं चिकित्सालय चंबा में फर्नीचर खरीद के लिए 6.05 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। चंबा में फर्नीचर खरीद पर कोई धनराशि खर्च नहीं हुई है और खरीद की निविदा प्रक्रिया जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App