राजगढ़ की महिलाओं ने सैनिकों को भेजीं छह हजार राखियां

By: Aug 20th, 2026 12:01 am

नगर संवाददाता-राजगढ़
रक्षाबंधन के अवसर पर राजगढ़ की महिलाओं ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के प्रति भाइचारे और देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की है। सैनिक एकता महिला ग्रुप राजगढ़ ने ‘एक राखी सैनिक के नाम’ अभियान के तहत आम जनता के सहयोग से करीब छह हजार राखियां देश की विभिन्न सैन्य यूनिटों को डाक के माध्यम से भेजी हैं। ग्रुप की अध्यक्ष सरोज ठाकुर ने बताया कि यह अभियान लगातार दूसरे वर्ष चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष भी ग्रुप ने करीब चार हजार राखियां सैनिकों को भेजी थीं और सोलन पहुंचकर जवानों की कलाइयों पर स्वयं राखियां बांधी थीं। इस बार क्षेत्रवासियों के सहयोग से अभियान को और व्यापक रूप दिया गया है।

उन्होंने बताया कि राखियां आधा दर्जन से अधिक सैन्य यूनिटों को भेजी गई हैं। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रक्षाबंधन पर देश की रक्षा में तैनात किसी भी सैनिक की कलाई खाली न रहे। सरोज ठाकुर ने कहा कि सैनिक कठिन परिस्थितियों में देश की सुरक्षा करते हैं और त्योहारों पर भी परिवार से दूर ड्यूटी निभाते हैं। राखी के माध्यम से उन्हें यह संदेश देने का प्रयास है कि देश
की बहनें और माताएं उनके साथ खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि राखी विश्वास, सुरक्षा, स्नेह और रिश्ते का प्रतीक है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App