बद्दी में ट्रक की टक्कर से युवक की मौत
आरटीओ बैरियर के पास हादसा; बाइक सवार को पीछे से मारी टक्कर, पुलिस ने मामला किया दर्ज
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बद्दी
औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में बुधवार को एक दर्दनाक सडक़ हादसे में ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका साथी बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता पवन कुमार निवासी धमोलीयां, कालका जिला पंचकूला ने बताया कि वह अपने दोस्त विक्रम उर्फ विक्की निवासी नग्गल भागा कालका के साथ मोटरसाइकिल पर सनसिटी बद्दी की ओर से मड़ावाला जा रहा था। जब वे आरटीओ बैरियर, बद्दी के समीप पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक के चालक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए गलत दिशा में आकर उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही बाइक चालक पवन कुमार सडक़ के बाईं ओर गिर गया जबकि पीछे बैठा विक्रम उर्फ विक्की सडक़ के दाहिनी ओर जा गिरा और ट्रक की चपेट में आ गया। गंभीर चोटों के कारण विक्रम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से पॅरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस थाना बद्दी में अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता बीएनएस एवं मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाने में
लगी है।
आरोपी को गिरफ्तार करने प्रयास जारी
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने बताया की म्रतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
