गोली लगने से युवक की मौत, चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में पेश आया वाकया, छानबीन में जुटी पुलिस
दिव्या हिमाचल ब्यूरो- चंडीगढ़
चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में देर रात एक 29 वर्षीय युवक की गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लुधियाना निवासी अजय गिल के रूप में हुई है। वह दोस्तों के साथ सेक्टर-26 स्थित क्लब से लौट रहा था। मध्य मार्ग पर शराब के ठेके के पास कार रोकने के दौरान उसके सिर में गोली लगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। शुरुआती जानकारी में गोली लाइसेंसी पिस्तौल से चलने की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार अजय गिल अपने तीन चार दोस्तों के साथ इलेक्ट्रिक कार में चंडीगढ़ आया था। सभी सेक्टर-26 स्थित डैफ्लो क्लब गए थे।
रात करीब 9:09 बजे लौटते समय वे सेक्टर-17 में मध्य मार्ग पर शराब के ठेके के पास रुके। इसी दौरान अजय के हाथ में मौजूद पिस्तौल से गोली चल गई। गोली उसके सिर को पार कर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्तों ने अजय को उसी कार से तुरंत सेक्टर16 स्थित जीएमएसएच पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना-17 के एसएचओ और डीएसपी सेंट्रल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज शुरू छानबीन कर दी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
