आइची-नागोया से भारत के लिए बड़ी खुशखबरी, विथ्या रामराज ने पीटी ऊषा का 42 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

By: Sep 29th, 2026 12:07 am

आइची नागोया। जापान के आइची-नागोया से भारत के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। महिला 400 मीटर हर्डल्स इवेंट में ट्रक ड्राइवर की बेटी विथ्या रामराज ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने 54.75 सेकंड का समय निकालकर न सिर्फ पर्सनल बेस्ट बनाया, बल्कि दिग्गज पीटी उषा का 42 साल पुराना नेशनल रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। ये रिकॉर्ड 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में पीटी उषा ने 55.42 सेकंड के साथ बनाया था, जो चार दशक तक कायम था। बताते चलें कि हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में विथ्या ने इसी रिकॉर्ड की बराबरी की थी, तब उन्होंने भी 55.42 सेकंड दौड़ा था और ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

हालांकि, इस बार नागोया में उन्होंने 0.67 सेकंड की बड़ी छलांग लगाई और 55 सेकंड की दीवार तोडऩे वाली पहली भारतीय महिला बन गईं। 27 सितंबर को हीट में विथ्या ने 55.73 सेकंड के सीजन बेस्ट के साथ फाइनल में जगह बनाई थी। उनके साथ अनु राघवन ने भी 55.84 सेकंड का पर्सनल बेस्ट निकालकर फाइनल क्वालीफाई किया था। फाइनल में विथ्या ने अपनी लेन में शानदार रिदम बनाए रखा। उन्होंने आखिरी 100 मीटर में गजब की स्पीड दिखाई और 54.75 सेकंड पर फिनिश किया।

पद से चूके ये भारतीय खिलाड़ी

भारत के अविनाश साबले पुरुष 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में पदक लाने से चूक गए। साबले 8:21.67 मिनट के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे। वहीं, पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ में संतोष कुमार तमिलसरन पदक लाने से चूक गए। संतोष ने 49.95 सेकेंड का समय लिया और आठवें स्थान पर रहे। इसके अलावा भारत को महिला चार गुणा 100 मीटर रिले में निराशा हाथ लगी है। भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही और पदक जीतने से चूक गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App