कविताओं और गीतों से दिया नशामुक्ति का संदेश
आस्था स्पेशल स्कूल नाहन में बहुभाषी कवि सम्मेलन-गीत गायन कार्यक्रम, प्रतिभागियों को किया सम्मानित
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नाहन
कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी शिमला के सौजन्य से हिमजन मंच संस्था की ओर से नाहन के आस्था स्पेशल स्कूल में बहुभाषी कवि सम्मेलन एवं गीत गायन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहित्यकारों और गीतकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा। नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान मुख्यातिथि रहीं, जबकि हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति सिरमौर के अध्यक्ष संतराम चौहान ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। मुख्यातिथि उपमा धीमान ने कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए हर व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने साहित्यकारों, कवियों और कलाकारों से अपनी रचनाओं व गीतों के माध्यम से युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहने का संदेश देने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत हिमालयन जन कल्याण एवं संस्कृति मंच के अध्यक्ष एवं शिक्षाविद् कंवर सिंह नेगी के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद मनीष कुमार मुसाफिर ने भगवान शिव की स्तुति ‘शिव कैलाशो रे बासी’ प्रस्तुत कर माहौल भक्तिमय बनाया। विशाल कश्यप ने गजल और सुनील मोहिल ने हिमाचली गीत ‘कुंजु चंचलो’ प्रस्तुत कर दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी। कार्यक्रम के दूसरे चरण में अर्चना शर्मा, दिलीप वशिष्ठ, लायक राम शास्त्री और प्रताप पराशर ने बहुभाषी कविताएं प्रस्तुत कीं। दीपचंद कौशल ने तंबाकू और चिट्टे पर तंज कसते हुए युवाओं, विद्यार्थियों और वरिष्ठजनों को नशे के खिलाफ जागरूक किया। इस दौरान ‘नशे से टूटा, जीवन से रूठा’ नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया। अंत में मुख्यातिथि ने प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
