खनन के विरोध में संगड़ाह में निकली जन आक्रोश रैली

By: Sep 29th, 2026 12:01 am

वसुंधरा संरक्षण समिति ने सरकार को भेजा ज्ञापन, पर्यावरण और जल स्रोतों के संरक्षण की उठाई मांग

निजी संवाददाता-संगड़ाह
अवैध एवं अवैज्ञानिक खनन के खिलाफ सोमवार को संगड़ाह में वसुंधरा संरक्षण समिति के नेतृत्व में जन आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में सेवानिवृत्त मेजर जनरल अतुल कौशिक और अंतरराष्ट्रीय अल्ट्रा मैराथन धावक सुनील शर्मा विशेष रूप से शामिल हुए। मुख्य बाजार से निकली रैली के माध्यम से पर्यावरण, जल स्रोतों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।

रैली के बाद समिति ने तहसीलदार संगड़ाह के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में खनन गतिविधियों से पहाड़ों के कटाव, जंगलों के नुकसान, मलबा व सिल्ट जमा होने तथा जल स्रोतों के प्रभावित होने की समस्याएं उठाते हुए कार्रवाई की मांग की गई। समिति ने आरोप लगाया कि खनन से निकलने वाला मलबा और सिल्ट जल स्रोतों व खेतों को प्रभावित कर रहा है। मुख्य मार्ग के आसपास खनन गतिविधियों से स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। समिति ने समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष रणजीत सिंह चौहान, रणदीप शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, ईश्वर दत्त शर्मा सहित पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान समिति की कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। समिति ने जल, जंगल, जमीन और पर्यावरण संरक्षण के लिए जन जागरूकता अभियान जारी रखने की बात कही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App