चंदरूही-हमीरपुर रूट पर बस दो दिन से बंद
सुबह 6 बजे भरेड़ी से चलती है पहली बस, सेवा बंद होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी, टैक्सी का सहारा
निजी संवाददाता – भोरंज
चंदरूही से हमीरपुर जाने वाली एचआरटीसी की बस पिछले दो दिनों से बंद होने के कारण यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह बस सुबह करीब 6 बजे भरेड़ी से होकर हमीरपुर के लिए रवाना होती है और क्षेत्र के लिए सुबह की पहली महत्वपूर्ण बस सेवा है। पिछले दो दिनों से यात्री निर्धारित समय पर बस का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन बस नहीं पहुंच रही है। स्थानीय यात्रियों के अनुसार सुबह के समय चंदरूही, भरेड़ी और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग हमीरपुर की ओर जाने के लिए इसी बस पर निर्भर रहते हैं।
इनमें नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों और अन्य जरूरी काम से हमीरपुर जाने वाले यात्री शामिल हैं। यात्रियों का कहना है कि सुबह चंदरूही से होकर हमीरपुर जाने वाली यह पहली बस होने के कारण इसका महत्व और बढ़ जाता है। यदि यह बस नहीं आती, तो यात्रियों को आगे चलने वाली अन्य बसें भी नहीं मिल पातीं। ऐसे में लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए निजी वाहन या टैक्सी का सहारा लेना पड़ता है। कई यात्रियों ने बताया कि मजबूरी में टैक्सी बुक करवाकर हमीरपुर जाना पड़ रहा है, जिससे उनके ऊपर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। रोजाना आने-जाने वाले लोगों के लिए यह खर्च और भी परेशानी का कारण बन रहा है। यात्रियों ने आरोप लगाया कि बस सेवा बंद होने के कारणों को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने पर उन्हें स्पष्ट जवाब नहीं मिल रहा है। दो दिन से बस नहीं चलने के बावजूद यह पता नहीं चल पा रहा कि बस कब तक बहाल होगी।
बस सेवा को जल्द बहाल करने की मांग
यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन से मांग की है कि बस सेवा को जल्द बहाल किया जाए, साथ ही यदि नियमित बस में कोई तकनीकी खराबी है, तो वैकल्पिक बस की व्यवस्था की जाए, ताकि सुबह के समय यात्रियों को परेशानी न उठानी पड़े।
अधिकारी के बोल
इस संबंध में एचआरटीसी हमीरपुर के आरएम राहुल कुमार ने बताया कि बस अड्डे में पता करवाया जाएगा कि बस क्यों नहीं चल रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
