जेबीटी चयनित अभ्यर्थियों की जल्द की जाए तैनाती, प्रशिक्षित बेरोजगार संघ ने प्रक्रिया में तेजी लाने का किया आग्रह
प्रशिक्षित बेरोजगार संघ ने प्रक्रिया में तेजी लाने का किया आग्रह
टीम— शिमला, मंडी
जेबीटी-डीएलएड प्रशिक्षित बेरोजगार संघ ने जेबीटी पोस्ट कोड 25004 के चयनित अभ्यर्थियों को शीघ्र नियुक्ति देने की मांग उठाई है। संघ के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश परयाल ने सीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। संघ ने कहा कि पोस्ट कोड 25004 के तहत 600 पदों के लिए आयोजित भर्ती परीक्षा का परिणाम 14 अगस्त को घोषित हो चुका है। ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति पत्र जारी किए जाने चाहिए, ताकि आगामी कनिष्ठ बुनियादी अध्यापक भर्ती में पद रिक्त रहने की संभावित समस्या से बचा जा सके।
संघ के अनुसार पोस्ट कोड 25004 की भर्ती परीक्षा 25 से 27 फरवरी 2026 के बीच आयोजित हुई थी, वहीं सीबीएसई जेबीटी पोस्ट कोड 26015 के तहत 600 पदों के लिए परीक्षा 13 से 17 जून 2026 के बीच हुई। संघ का कहना है कि दोनों भर्तियों में बड़ी संख्या में समान अभ्यर्थियों के चयनित होने की संभावना के कारण आगामी समय में कुछ पद रिक्त होने की स्थिति बन सकती है। ऐसे में संघ ने प्रतीक्षा एवं आरक्षित सूची को 50 प्रतिशत करने की मांग की है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
