महुआ के जालपा माता मंदिर में लाखों की चोरी

By: Sep 15th, 2026 12:01 am

सोने के आभूषण-सीसीटीवी रिकॉर्डिंग मशीन ले गए चोर, नालागढ़ पुलिस थाना में दर्ज करवाया मामला

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-नालागढ़
नालागढ़ क्षेत्र के महुआ स्थित प्रसिद्ध जालपा माता मंदिर में चोरों ने सेंध लगाकर लाखों के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात ने रविवार देर रात उस समय चौंकाने वाला मोड़ ले लिया, जब चोर चोरी किए गए चांदी के आभूषण मंदिर परिसर में ही वापस छोड़ गए। हालांकि सोने का मुकुट, नथ, कानों की बालियों की जोड़ी और मंगलसूत्र सहित अन्य कीमती आभूषण अभी गायब हैं।

चोर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग मशीन भी अपने साथ ले गए हैं। चोरों ने मंदिर में प्रवेश करने के लिए दरवाजे पर लगे दो ताले तोड़े। मंदिर कमेटी के सदस्य योगेश भारद्वाज ने बताया कि शिव कुमार जब मंदिर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे देखकर सन्न रह गए। उन्होंने तत्काल मंदिर कमेटी के अध्यक्ष को घटना की सूचना दी, जिसके बाद नालागढ़ पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई गई। चोर सोने के आभूषण अपने साथ ले गए, लेकिन चांदी के आभूषण वापस क्यों छोड़ गए, यह सवाल अब पुलिस जांच का अहम हिस्सा बन गया है।

केस दर्ज, हर पहलू की जांच

एसएचओ नालागढ़ राकेश रॉय ने बताया कि मंदिर में चोरी के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। चोर रविवार रात भारी मात्रा में चांदी के आभूषण मंदिर परिसर में छोड़ गए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है तथा आरोपियों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं को खंगाला जा रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App