यमुना में गिरे नितिन का दूसरे दिन भी सुराग नहीं

By: Sep 29th, 2026 12:01 am

पांवटा पुल से नदी में गिरने की आशंका, तेज बहाव से सर्च ऑपरेशन में आ रही दिक्कत

कार्यालय संवाददाता-पांवटा साहिब
हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर स्थित यमुना पुल से नदी में गिरे पांवटा साहिब निवासी 44 वर्षीय नितिन गुप्ता का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिल पाया। परिजनों के अनुसार रविवार देर शाम पुल पर टहलते समय पैर फिसलने से वह अनियंत्रित होकर नदी में गिर गए। पुल पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पांवटा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अंधेरा और यमुना के तेज बहाव के कारण रात में तलाश रोकनी पड़ी।

सोमवार को भी दिनभर नदी के कई किलोमीटर क्षेत्र में गोताखोरों ने तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण सर्च अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। परिजनों के अनुसार नितिन रविवार शाम बिना बताए घर से निकले थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई, इसी दौरान हादसे की जानकारी मिली। एसडीएम पांवटा द्विज गोयल ने बताया कि पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार तलाश में जुटी हैं। मंगलवार सुबह तक सुराग नहीं मिलने पर ऋषिकेश से प्रोफेशनल रेस्क्यू टीम बुलाने की तैयारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App