सडक़ की बदहाली पर जमकर गरजी भाजपा
काम की गुणवत्ता पर उठाए सवाल; एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सुस्त रफ्तार से चल रहे काम में मांगी तेजी
सिटी रिपोर्टर-सुजानपुर
संधोल-सुजानपुर सडक़ मार्ग की खस्ताहाल स्थिति और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर आज सुजानपुर भाजपा मंडल ने जोरदार रोष प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक राजेंद्र राणा की अगुवाई में भाजपा कार्यकर्ता एसडीएम कार्यालय पहुंचे और सडक़ की बदहाल स्थिति को लेकर प्रशासन के समक्ष जनता की आवाज बुलंद की। भाजपा नेताओं ने कहा कि करीब 41 करोड़ रुपए की लागत से केंद्र के सीआरएफ फंड से स्वीकृत इस सडक़ का निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है और गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
सडक़ की खराब हालत के कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सडक़ की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों ने इस रास्ते पर चलना तक लगभग बंद कर दिया है। जगह-जगह सडक़ की हालत वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। राजेंद्र राणा ने कार्यकर्ताओं के साथ एसडीएम कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सडक़ निर्माण कार्य में गुणवत्ता सुनिश्चित करने, कार्य में तेजी लाने और लोगों को जल्द बेहतर सडक़ सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग उठाई गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह सडक़ क्षेत्र की महत्वपूर्ण लाइफलाइन है और बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद यदि लोगों को सुविधा नहीं मिलती तो निर्माण कार्य की निगरानी और गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। भाजपा मंडल ने प्रशासन से मांग की कि सडक़ निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच करवाई जाए और संबंधित विभाग को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता को जल्द राहत मिल सके। जनता के हक और सडक़ की बेहतर सुविधा को लेकर भाजपा ने प्रशासन के सामने अपनी मांग स्पष्ट रूप से रखी है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
