हमीरपुर बीडीसी पर भाजपा का कब्जा
अग्घार वार्ड से भाजपा समर्थित वासुदेव अध्यक्ष, ताल से रानी बनी उपाध्यक्ष, तीन समितियों में भाजपा 2-1 से आगे
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-हमीरपुर
पंचायत समिति सुजानपुर के बाद भाजपा ने हमीरपुर में भी बाजी मारते हुए बढ़त बना ली है। अब जक जिले की तीन पंचायत समितियों में हुए अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव में भोरंज में कांग्रेस जबकि सुजानपुर और हमीरपुर में भाजपा ने परचम लहरया है। सोमवार को पंचायत समिति हमीरपुर के दोनों ही पदों अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पर भाजपा समर्थित पंचायत समिति सदस्य काबिज हुए हैं। अध्यक्ष पद पर अघार वार्ड से वासुदेव वोटिंग के माध्यम से चुने गए हैं जबकि ताल वार्ड से सदस्य रानी देवी को निर्विरोध उपाध्यक्ष चुन लिया गया। अध्यक्ष पद के लिए भाजपा समर्थित वासुदेव और कांग्रेस समर्थित त्रिभुवन ने पर्चा भरा। 17 वार्डों वाली पंचायत समिति हमीरपुर में भाजपा समर्थित प्रत्याशी वासुदेव को 10 और कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी त्रिभुवन को मात्र 7 मत मिले। हालांकि चौंकाने वाली बात यह देखी गई कि जब भाजपा ने बाजार के बीच विजय यात्रा निकाली तो उसमें पंचायत समिति के 12 सदस्य थे। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस के साथ मात्र पांच ही सदस्य आए थे।
अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा के 2 सदस्यों ने क्रॉस वोटिंग की जिसके चलते उनकी संख्या पांच से सात हुई। सोमवार को करवाए गए चुनाव के दौरान कांग्रेस की ओर से जिलाध्यक्ष सुमन भारती और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा अपने समर्थकों सहित मौजूद रहे। चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार और उनके समर्थकों से कोई नजर नहीं आया। उधर, भाजपा की ओर से सदर के विधायक आशीष शर्मा और मंडल से बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद रहे। जिला भाजपा अध्यक्ष राकेश ठाकुर और सदर विधायक आशीष शर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष वासु देव और उपाध्यक्ष रानी देवी को जीत की बधाई देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सुजानपुर में भाजपा, भोरंज में कांग्रेस आगे बता दें कि जिला हमीरपुर की छह पंचायत समितियों में से अब तक तीन में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव हो चुके हैं। पूर्व में हुए चुनाव में भोरंज में कांग्रेस समर्थिक जबकि सुजानपुर में भाजपा समर्थित उम्मीदवार अपना परचम लहरा चुके हैं। अभी नादौन, बमसन और बिझड़ी पंचायत समितियों में चुनाव होने हैं। फिलहाल अभी दो में भाजपा और एक में कांग्रेस आगे है।
प्रदेश सरकार के प्रति जनता में आक्रोश
मौके पर मौजूद भाजपा विधायक आशीष शर्मा ने कहा कि यह मुख्यमंत्री के जिला में भाजपा को मिला जनादेश है। भाजपा को जनादेश देकर जनता ने मौजूदा प्रदेश कांग्रेस सरकार के प्रति अपना आक्रोश जताया है। पंचायत चुनाव में मुख्यमंत्री के गृह जिला में कांग्रेस को करारी हार का सामना करना पड़ा है और अब बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में भी कांग्रेस की हार हुई है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
