111 फीट ऊंचा और 25 लाख लीटर क्षमता; हरोली में बना ‘बीत का बुर्ज खलीफा’, 11 गांवों की बुझाएगा प्यास

By: Sep 19th, 2026 10:09 pm

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — ऊना

हरोली उपमंडल के अमराली में सडक़ किनारे खड़ा विशाल जल भंडारण टैंक इन दिनों क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। करीब 34 मीटर यानी 111 फुट छह इंच ऊंचे इस टैंक को स्थानीय लोगों ने इसकी असामान्य ऊंचाई के कारण ‘बीत का बुर्ज खलीफा’ नाम दिया है। करीब 12.59 करोड़ रुपए की लागत से तैयार यह टैंक 25 लाख लीटर पानी का भंडारण कर सकेगा। इससे बीत क्षेत्र के 11 गांवों की करीब 27215 आबादी को जलापूर्ति व्यवस्था का लाभ मिलेगा। अमराली के इस टैंक में करीब 25 मीटर यानी 82 फुट की स्टेजिंग और करीब 9 मीटर यानी 29 फुट 6 इंच ऊंचा कंटेनर है। ऊंचाई पर पानी का भंडारण होने से आवश्यकता के अनुसार विभिन्न गांवों में पानी की आपूर्ति की जा सकेगी। जल शक्ति विभाग हरोली के अधिशासी अभियंता पुनीत शर्मा के अनुसार ट्यूबवेल स्रोतों से पानी लेकर टैंक में संग्रहित किया जाएगा और मांग के अनुसार आगे आपूर्ति की जाएगी। ग्राम पंचायत छेत्रां के पूर्व प्रधान विकास राणा ने टैंक को क्षेत्र का ‘बुर्ज खलीफा’ बताते हुए कहा कि पेयजल सुविधाओं के विस्तार से लोगों को राहत मिली है। स्थानीय लोगों के बीच यह विशाल ढांचा अब क्षेत्र की नई पहचान बनता जा रहा है।

हरोली क्षेत्र में जल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए पहले भी कई परियोजनाएं बनाई गई हैं। पोलियां में 50 लाख लीटर और दुलैहड़ में 25 लाख लीटर क्षमता के टैंक तैयार किए गए हैं। इसके अलावा क्षेत्र में अलग-अलग क्षमता के करीब 75 जल भंडारण टैंक तैयार किए जा चुके हैं। बीत क्षेत्र में लंबे समय से पेयजल के साथ सिंचाई भी प्रमुख जरूरत रही है। बीते वर्षों में यहां जलापूर्ति और सिंचाई ढांचे को मजबूत करने के लिए ट्यूबवेल, पाइपलाइन और जल भंडारण परियोजनाओं पर काम हुआ है। 2023 में भी अमराली में 25 लाख लीटर क्षमता के ओवरहेड टैंक और पोलियां में 50 लाख लीटर क्षमता के टैंक सहित विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी गई थी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भी हरोली क्षेत्र में जल प्रबंधन को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया है। दिसंबर 2025 में उन्होंने अमराली के 25 लाख लीटर क्षमता वाले टैंक और बीत क्षेत्र में पेयजल एवं सिंचाई योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी थी। अमराली का यह विशाल टैंक केवल अपनी ऊंचाई के कारण ही चर्चा में नहीं है, बल्कि इसकी 25 लाख लीटर भंडारण क्षमता बीत क्षेत्र की जलापूर्ति व्यवस्था को अतिरिक्त सहारा देगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App