32 खेल ; 124 इवेंट्स, एक हजार खिलाड़ी मैदान में
वन निगम उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने किया 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का शुभारंभ
वरिष्ठ संवाददता-रामपुर बुशहर
हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का शुक्रवार को रामपुर में भव्य आगाज हुआ। हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से एक हजार से अधिक खिलाड़ी 32 खेलों के 124 इवेंट्स में अपना दमखम दिखा रहे हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि केहर सिंह खाची ने मार्चपास्ट की सलामी ली। प्रतियोगिता के चेयरमैन एवं सीएफ रामपुर सीबी ताशीलदार और वन मंडलाधिकारी रामपुर गुरहर्ष सिंह ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों और खिलाडिय़ों का स्वागत किया। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नशामुक्त हिमाचल का संकल्प लेते हुए शपथ ली। खिलाडिय़ों को संबोधित करते हुए खाची ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सत्ता संभालते ही हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। प्रदेश को वर्ष 2030 तक आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सरकार के साथ सभी विभाग काम कर रहे हैं।
विभाग की महत्वाकांक्षी ईको टूरिज्म परियोजना से भी प्रदेश में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मेहनती हैं और उन्हें अपने कर्तव्यों के साथ-साथ खेलों में प्रतिभा दिखाने का भी अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2030 तक राज्य के हरित आवरण को 32 प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करने में वनों की रक्षा करने वाले वन कर्मियों की भूमिका अहम रहेगी। उन्होंने कहा कि जंगलों की सुरक्षा में दिन-रात जुटे कर्मचारी और कार्यालयों में जिम्मेदारियां संभालने वाले अधिकारी खेल मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। शुभारंभ अवसर पर पीसीसीएफ वाइल्डलाइफ आलोक नागर, सीसीएफ अभिलाष दामोधरण, प्रदेश के विभिन्न वन मंडलों के वन मंडलाधिकारी, अतिरिक्त वन मंडलाधिकारी, वन परिक्षेत्राधिकारी और विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
अधिकारी और कर्मचारी ले रहे हिस्सा
वन विभाग की वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता में इस बार एक हजार से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में 32 खेलों के 124 इवेंट्स आयोजित किए जा रहे हैं। वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
