श्री राम मंदिर ट्रस्ट में तीन नए सदस्यों की नियुक्ति
अयोध्या। अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में लंबे समय से रिक्त चल रहे तीन सदस्य पदों को बुधवार को भर दिया गया। मणिराम दास जी की छावनी में आयोजित ट्रस्ट की बैठक में नए सदस्यों के नामों पर मुहर लगाई गई। बैठक के दौरान मणिराम दास छावनी और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। ट्रस्ट में चंपतराय, अनिल मिश्रा और स्वर्गीय विमलेन्द्र मोहन मिश्रा के स्थान पर अयोध्या के मदन मोहन पाण्डेय, दिल्ली के महेश भागचंदका और शिकोहाबाद की डा निर्मला यादव को सदस्य नियुक्त किया गया है। निर्मला यादव विश्व हिंदू परिषद के निधि समर्पण अभियान से जुड़ी रही हैं।
दिल्ली निवासी महेश भागचंदका विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल के रिश्तेदार हैं। वह अशोक सिंघल फाउंडेशन से जुड़े हैं। वर्ष 2020 में राम मंदिर के भूमिपूजन कार्यक्रम में उन्हें मुख्य यजमान बनाया गया था। वहीं वर्ष 2024 में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में भी वह परिवार के साथ मौजूद रहे थे। अयोध्या निवासी मदन मोहन पाण्डेय वरिष्ठ अधिवक्ता हैं और राम मंदिर से जुड़े मुकदमों की पैरवी कर चुके हैं। योगी सरकार के कार्यकाल में उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रदेश सरकार का अपर महाधिवक्ता भी नियुक्त किया गया था। बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास, कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरि, अंतरिम महासचिव चंपत राय और महंत दिनेंद्र दास समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
