सैणीमाजरा में सडक़ किनारे मिली लाश, क्षतिग्रस्त मिली बाइक

By: Sep 20th, 2026 12:50 am

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-बीबीएन
उपमंडल नालागढ़ के सैणीमाजरा क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय गोल्डी निवासी नालागढ़ के रूप में हुई है। गोल्डी सैणीमाजरा में शराब के ठेके के साथ अहाता चलाता था। पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर मामले को सडक़ दुर्घटना के रूप में दर्ज किया है हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के अनुसार 17 सितंबर की रात गोल्डी अहाता बंद करने के बाद बाइक पर नालागढ़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान सैणीमाजरा के समीप वह सडक़ किनारे मृत अवस्था में मिला जबकि उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हालत में पाई गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया। मौत को लेकर परिजनों ने संदेह जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है।

परिजनों का कहना है कि यदि जांच में किसी तरह की आपराधिक वारदात या हत्या की बात सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। गोल्डी अपने पीछे पत्नी 19 वर्षीय बेटा और 15 वर्षीय बेटी छोड़ गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स बिलासपुर भेजा गया है जहां 19 सितंबर को पोस्टमार्टम किया जाना है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि मौत सडक़ हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई
की जाएगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App