जालंधर में कारोबारी से दस लाख की लूट, कार का पंक्चर लगवाते वक्त बैग ले भागा शातिर

By: Sep 4th, 2026 12:08 am

निजी संवाददाता — जालंधर

कारोबारी से लाखों रुपए की लूट का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। भाटिया इलेक्ट्रिक स्टोर के मालिक को कथित तौर पर निशाना बनाते हुए बदमाश करीब 10 लाख रुपए की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और लुटेरों तक पहुंचने के लिए आसपास के इलाकों में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जानकारी के अनुसार कारोबारी दुकान से अपने घर के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि जब वह पीएनबी रेड लाइट के पास पहुंचे तो उनकी कार की हवा निकल गई। इसके बाद वह कार का पंचर लगवाने के लिए केसर पेट्रोल पंप के पास रुके।

इसी दौरान एक युवक ने उनकी कार की अगली सीट पर रखा नकदी से भरा बैग कथित तौर पर उठा लिया और मौके से फरार हो गया। बैग में करीब 10 लाख रुपए की नकदी बताई जा रही है। घटना के बाद पीडि़त पक्ष ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। जालंधर में कारोबारी वर्ग पहले भी लूट और चोरी जैसी घटनाओं को लेकर चिंता जताता रहा है। इस घटना ने एक बार फिर व्यापारिक प्रतिष्ठानों और कारोबारियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App