चरस को मात देकर चिट्टा बना बादशाह, कुल्लू में तीन माह में 50 फीसदी से ज्यादा मामले
लवलीन थरमाणी — कुल्लू
राज्य में नशे के बाजार का दायरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। सरकार नशे पर जितनी तेजी से लगाम कस रही है, उतनी ही तेजी से इसका विस्तार भी होता दिख रहा है। यहां पर नशे का करोड़ों का व्यापार और नोट बटोरने का लालच असमाजिक तत्त्व ही नहीं कर रहे, बल्कि 50 फीसदी से अधिक युवा अपनी डोज को पूरा करने के लिए इस गंधे धंधे में कूदे हैं। तीन महीने के मामलों पर गौर करने से पता चलता है कि इस धंधे में चरस को मात देकर चिट्टा अब बादशाह बन गया है। जिला कुल्लू में नशे के 33 मामलों में 17 मामले चिट्टे के ही है। इस तरह तीन महीनों में 50 फीसदी से अधिक चिट्टे के मामले हो गए हैं। युवतियां सहित महिलाएं भी इस नशे में शामिल हंै। इस नशे के दलदल से युवा पीढ़ी को निकालना पुलिस प्रशासन और सरकार को काफी मुश्किल सा हो गया है। यदि कदम-कदम पर जनता खुद इसके खिलाफ कूद जाएगी, तो ही इसके सार्थक परिणाम की उम्मीद की जा सकती है।
तीन माह में जिला कुल्लू में 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें चार महिलाएं भी शामिल है। इस साल आठ महीने में आठ को ही सलाखों के पीछे धकेला है। विभिन्न विभागों के सरकारी और निजी संस्थानों के कर्मचारी और अधिकारियों के इस धंधे में शामिल होने की बात आज भी देवभूमि कहलाए जाने वाला राज्य देश के अंदर शर्मसार हुआ है। वहीं जून, 2026 में 15 मामलों में 21 पुरुष, एक महिला, जुलाई में नौ मामलों में 16 पुरुष, दो महिलाएं, अगस्त में नौ मामलों में 10 पुरुष व एक महिला गिरफ्तारी हुई है।
51 आरोपी गिरफ्तार
अभिषेक एस, पुलिस अधीक्षक कुल्लू ने बताया कि जिला में एनडीपीएस के तीन महीने में 33 मामले दर्ज हुए जिनमें 51 आरोपी गिरफ्तार किए गए। चिट्टा और चरस माफिया को किसी भी सूरत में बख्शा नही जाएगा। इसके लिए पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है।
तीन महीने में इतना पकड़ा मादक पदार्थ
कुल्लू पुलिस ने जून में 1.174 किलोग्राम चरस, 46.74 चिट्टा, 30940 अफीम प्लांटस, आईएसडी 01, कोकीन 2.27 ग्राम और आरोपियों से 56000 की नकदी, जिसमें कुल मिलाकर तीन महीने में 1.626 किलोग्राम चरस, 161.93 ग्राम चिट्टा, 11 ग्राम हसीश आयल, 82600 रुपए की नकदी पकड़ी गई।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
