ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन
डीसी कार्यालय के बाहर दिया धरना, केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ की नारेबाजी
निजी संवाददाता-सोलन
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी सोलन ने डीसी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष वर्मानी ने किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुतले फूंके। प्रदर्शन में सोलन के विधायक एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल विशेष रूप से मौजूद रहे।
उनके साथ जिला कांग्रेस पदाधिकारी, विभिन्न फ्रंटल संगठनों के कार्यकर्ता और छात्र संगठनों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए सुभाष वर्मानी और डाक्टर धनीराम शांडिल ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों का गंभीरता और पारदर्शिता के साथ समाधान किए जाने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली पर आपत्ति जताते हुए उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने डीसी सोलन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपकर मामले में आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन को आगे भी जारी रखेगी।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
