वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन

By: Sep 29th, 2026 12:02 am

गांधी चौक पर फूंका मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला; मांगा इस्तीफा, निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

दिव्य हिमाचल ब्यूरो, हमीरपुर
वोट चोरी के कथित आरोपों और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर ने सोमवार को ऐतिहासिक गांधी चौक पर धरना-प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष सुमन भारती शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के तत्काल इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू, हमीरपुर कांग्रेस प्रभारी जीवन ठाकुर, जिला अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा, पूर्व राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीता वर्मा, वरिष्ठ नेता नरेश ठाकुर, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, राजेश वनियाल, अजय शर्मा और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संजय शर्मा सहित भारी सं या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। हमीरपुर कांग्रेस प्रभारी जीवन ठाकुर ने कहा कि देश में मतदाता सूचियों और पूरी चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग अपनी कार्यप्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करे और कथित वोट चोरी के सभी मामलों की निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच करवाए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2014 से लेकर अब तक देश में एक तरह से काला दिवस चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की शह पर वोट चोरी का खेल खेला जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पूर्व राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीता वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनादेश का अपहरण और वोट चोरी की जा रही है। भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि यदि भाजपा की नीयत साफ थी, तो उसने वर्षों पहले जरूरी सुधारों को लागू क्यों नहीं किया।

बिट्टू बोले, राहुल गांधी लड़ रहे आम जनता की लड़ाई

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि वोट चोरी के गंभीर मुद्दे पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि राहुल गांधी की यह लड़ाई किसी व्यक्तिगत नेता या पार्टी की नहीं, बल्कि देश की आम जनता और उनके लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई है। इसी संघर्ष की कड़ी में आज हमीरपुर के गांधी चौक पर जिला कांग्रेस ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया है और मुख्य चुनाव आयुक्त से त्यागपत्र की मांग की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App