एसआईआर पर बड़ा फैसला लेगी कांग्रेस, कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक के लिए सीएम सुक्खू भी गए दिल्ली

By: Sep 29th, 2026 12:01 am

दिव्य हिमाचल ब्यूरो — शिमला

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू शिमला से नई दिल्ली रवाना हो गए हैं। वह मंगलवार को दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी बड़ा अभियान लांच करने का फैसला ले सकती है। कांग्रेस का आरोप है कि एसआईआर के जरिए निर्वाचन आयोग भाजपा के पक्ष में वोट चोरी कर रहा है। कांग्रेस पार्टी देशभर में इस मुद्दे पर बड़ा अभियान लांच करने की तैयारी कर रही है, इसीलिए कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में रणनीति फाइनल होगी।

हिमाचल में क्योंकि मंत्रिमंडल विस्तार लंबित है और मुख्यमंत्री भी खुद ये कह चुके हैं कि 11 दिसंबर को उनकी सरकार के चार साल पूरा होने से पहले यह विस्तार या मंत्रियों के विभागों में फेरबदल हो जाएगा। ऐसे में यह संभव है कि सीडब्ल्यूसी मीटिंग के बहाने हो रहे इस दिल्ली दौरे में कांग्रेस हाईकमान के साथ मंत्रिमंडल विस्तार या फेरबदल के मुद्दे पर भी चर्चा हो जाए। मुख्यमंत्री मंगलवार शाम तक लौट आएंगे और इसके बाद रोहडू और रामपुर का दौरा करेंगे। यह टूअर प्रोग्राम अभी अलग से जारी नहीं हुआ है, लेकिन रोहडू और रामपुर में दोनों जगह मुख्यमंत्री दो दिन लगा सकते हैं, यानी रात्रि विश्राम भी इन क्षेत्रों के किसी दूरस्थ गांव में होगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App