हिमाचल से मानसून की विदाई का काउंटडाउन शुरू, 24 से 27 सितंबर तक नौ जिलों में बारिश के आसार
24 से 27 सितंबर तक नौ जिलों में बारिश के आसार, 11 फीसदी कम बरसे बादल
कार्यालय संवाददाता-शिमला
पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की विदाई के बाद अब हिमाचल प्रदेश में भी मानसून के लौटने का काउंटडाउन शुरू हो गया है। प्रदेश में बारिश का सक्रिय दौर कमजोर पडऩे लगा है। मौसम परिस्थितियां अनुकूल रहने पर सितंबर के अंतिम सप्ताह में मानसून की विदाई संभव मानी जा रही है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के सीनियर साइंटिस्ट संदीप कुमार शर्मा के अनुसार 23 सितंबर तक प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 24 से 27 सितंबर के बीच ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर, सोलन, शिमला, कांगड़ा, मंडी और चंबा के कुछ क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।
इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। पहली जून से 21 सितंबर तक सामान्य 708 मिलीमीटर के मुकाबले 628.6 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 11 फीसदी कम है। पांच जिलों में सामान्य से अधिक, जबकि सात जिलों में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड हुई है। सबसे अधिक कमी लाहुल-स्पीति में 64 फीसदी और हमीरपुर में 32 फीसदी रही।
मानसून की वापसी पर नजर
प्रदेश से वर्ष 2025 में मानसून 26 सितंबर को विदा हुआ था। इस कारण इस बार भी सितंबर के अंतिम दिनों में मानसून की वापसी की संभावना पर नजर है। पिछले साल की विदाई की तारीख को इस साल के लिए निश्चित संकेत नहीं माना जा सकता। वास्तविक स्थिति मौसम की परिस्थितियों और मौसम विभाग की आधिकारिक घोषणा से ही स्पष्ट होगी।
नौ साल में सबसे पहले 26 सितंबर को हुई विदाई
मानसून की विदाई की तारीख वर्ष-दर-वर्ष बदलती रही है। 2017 में 30 सितंबर, 2018 में पहली अक्तूबर, 2019 में 11 अक्तूबर, 2020 में 30 सितंबर, 2021 में 10 अक्तूबर, 2022 में तीन अक्तूबर, 2023 में छह अक्तूबर और 2024 में दो अक्तूबर को मानसून विदा हुआ था। 2025 में 26 सितंबर को मानसून की विदाई हुई, जबकि 2026 में अभी विदाई का इंतजार है। मानसून का आगमन 30 जून को हुआ था। अब सितंबर के अंतिम सप्ताह में मौसम का रुख और विभाग की घोषणा तय करेगी कि हिमाचल से मानसून कब विदा होता है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
