हिंदी की गौरवगाथा से गूंजा दयानंद स्कूल

By: Sep 15th, 2026 12:01 am

नाटक, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

स्टाफ रिपोर्टर-शिमला
हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में दयानंद पब्लिक स्कूल द मॉल में 1 से 14 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया गया। इस दौरान साहित्यिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व और साहित्यिक वैभव से परिचित करवाया गया। विभिन्न प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी के प्रति सम्मान, अनुराग और प्रभावी अभिव्यक्ति का विकास करना रहा। पखवाड़े का मुख्य आकर्षण ‘राम-लक्ष्मण-परशुराम संवाद’ का नाट्य मंचन रहा। विद्यार्थियों ने प्रभावशाली संवाद, भावपूर्ण अभिनय और सशक्त वाणी के माध्यम से प्रसंग को जीवंत कर दिया। इसके अलावा हिंदी शुभकामना कार्ड निर्माण और सुलेख प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता और लेखन कौशल का प्रदर्शन किया।

8 सितंबर को आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने तार्किक विचार और प्रभावशाली वक्तव्य से अपनी वैचारिक क्षमता दिखाई। 9 सितंबर को भाषण प्रतियोगिता में आत्मविश्वास और सुसंगत विचार प्रस्तुति ने सभी को प्रभावित किया। स्वरचित कविता एवं दोहा गायन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया। पहेलियां, ‘बूझो तो जानें’ और कविता वाचन जैसी गतिविधियों ने विद्यार्थियों में भाषिक जिज्ञासा और साहित्यिक रुचि बढ़ाई। 14 सितंबर को हिंदी दिवस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या अनुपमा ने हिंदी की समृद्ध साहित्यिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति निरंतर सम्मान और जागरूकता बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने हिंदी पखवाड़े के सफल आयोजन के लिए हिंदी विभाग के शिक्षकों को बधाई दी और विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App