कर्ज से परेशान कपड़ा व्यापारी ने लगाया फंदा, मंडी जिला मुख्यालय मेंं दी जान, जेब से सुसाइड नोट बरामद
स्टाफ रिपोर्टर-मंडी
मंडी में कर्ज के बोझ तले दबे 63 वर्षीय कपड़ा व्यापारी ने जिला मुख्यालय में सदर पुलिस थाना से महज 50 मीटर दूर पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। मंगलवार सुबह सडक़ किनारे पेड़ से लटका शव देख शहर में सनसनी फैल गई। पुलिस को जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सुसाइड नोट में लोन को आत्महत्या का जिम्मेदार ठहराया गया है। पद्घर के दबारडू का रहने वाला राजपाल पिछले दो दिनों से घर से गायब था। कर्ज के चक्कर में परेशान चल रहा राजपाल घर से निकला और दो दिनों तक चलता-फिरता पद्घर से 30 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय में रस्सी लेकर आत्महत्या करने आ पहुंचा। पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह जब सैर के लिए कुछ युवक वहां से होते हुए गुजरे, तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस को राजपाल की जेब से सुसाइड नोट बरामद हुआ।
सुसाइड नोट में लिखा है कि… मेरी मौत के बाद मेरी पत्नी को लोन के लिए परेशान न किया जाए…और प्रशासन मेरा लोन माफ कर दे। राजपाल ने बैंक से करीब पच्चीस से तीस लाख का लोन लिया है, जिसकी रिकवरी के लिए बैंक ने राजपाल को नोटिस दिया था। राजपाल कुन्नू में कपड़े की दुकान करता था, लेकिन वह व्यापार ज्यादा समय तक नहीं चला और राजपाल की आर्थिक हालत खराब होती गई। राजपाल इस वजह से काफी लंबे समय से परेशान चल रहा था। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले में जांच की जा रही है। पुलिस सुसाइड नोट की लिखावट को मैच करवा रही है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
