डिप्टी रेंजर और फॉरेस्ट गार्ड सस्पेंड, लाठियाणी-मंदली पुल मार्ग पर अवैध खैर कटान मामले में वन विभाग का एक्शन

By: Sep 29th, 2026 12:07 am

कार्यालय संवाददाता — बंगाणा

कुटलैहड़ क्षेत्र के तहत निर्माणाधीन लाठियाणी-मंदली पुल को जोडऩे वाले बीहड़ू-डोहक मार्ग पर कथित अवैध खैर कटान के मामले में वन विभाग ने बड़ा एक्शन लिया है। मामले में विभाग ने एक डिप्टी रेंजर और एक फॉरेस्ट गार्ड को निलंबित कर दिया है। वन मंडलाधिकारी, ऊना विकल्प यादव ने बताया कि गांव डोहक के समीप हुए कथित अवैध खैर कटान के मामले में संबंधित डिप्टी रेंजर संजीव कुमार और फॉरेस्ट गार्ड अतिश कुमार को निलंबित किया गया है। जानकारी के अनुसार निर्माणाधीन बीहड़ू-लाठियाणी सडक़ के आसपास निरीक्षण के दौरान करीब 30 खैर के पेड़ जड़ सहित उखड़े हुए पाए गए थे।

जांच में कई पेड़ों को जेसीबी मशीन की सहायता से जड़ों सहित उखाड़े जाने के निशान सामने आए हैं। इस मामले में वन विभाग द्वारा थाना बंगाणा में दो नामजद ठेकेदारों के खिलाफ पहले ही प्राथमिकी दर्ज करवाई जा चुकी है। बताते चलें कि खैर के पेड़ों को काटने के लिए एक ठेकेदार को टेंडर मिला था, परंतु उक्त सडक़ के आसपास के जंगल से भी अवैध रूप में खैर के पेड़ों का काफी मात्रा में कटान हुआ है। अब विभाग मामले की जांच कर रहा है।

पुलिस के साथ मामले की जांच कर रहा महकमा-ए-जंगलात

वन विभाग की जांच में यह भी सामने आएगा कि खैर के पेड़ों के कटान और लकड़ी के परिवहन में किन-किन लोगों की भूमिका रही तथा क्या निर्धारित अनुमति और वन नियमों का पालन किया गया था। वन मंडलाधिकारी विकल्प यादव ने बताया कि गांव डोहक के समीप हुए कथित अवैध खैर कटान के मामले में संबंधित डिप्टी रेंजर संजीव कुमार और फॉरेस्ट गार्ड अतिश कुमार को निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच पुलिस विभाग के साथ मिलकर की जा रही है।

पता नहीं लकड़ी कहां गई

मामले की जांच का महत्त्वपूर्ण पहलू यह भी है कि मौके से काटे अथवा जड़ सहित उखाड़े गए खैर के पेड़ों की लकड़ी आखिर कहां गई। वन विभाग द्वारा पेड़ों की संख्या, कटान की परिस्थितियों, संबंधित अनुमति के रिकॉर्ड तथा लकड़ी के संबंध में उपलब्ध तथ्यों की जांच की जा रही है। हालांकि अभी जांच पूरी नहीं हुई है और यह स्पष्ट होना बाकी है कि मौके पर मिले सभी पेड़ों का कटान निर्धारित अनुमति के अनुसार हुआ था अथवा किसी हिस्से में नियमों का उल्लंघन किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App