दिशा सालियान केस: आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख को 500 करोड़ का मानहानि नोटिस
मुंबई। सेलेब्रिटी मैनेजर दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत के संबंध में कथित बयानों को लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपए का मानहानि नोटिस भेजा है। सतीश सालियान ने नोटिस में दोनों नेताओं से सात दिनों में बिना शर्त लिखित और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है और कहा है कि ऐसा नहीं करने पर दीवानी और आपराधिक मानहानि की कार्यवाही शुरू की जाएगी।
नोटिस के अनुसार सतीश सालियान ने आरोप लगाया है कि आदित्य ठाकरे ने उनकी बेटी के लिए न्याय की मांग करने के उनके अभियान को राजनीतिक उद्देश्य से प्रेरित बताने और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। नोटिस में कथित बयानों को गलत, निराधार और मानहानिकारक बताया गया है। इसमें कहा गया है कि इन बयानों से अपनी बेटी की मौत से जुड़े आरोपों की कानूनी जांच की मांग कर रहे शोकाकुल पिता की निष्ठा और मंशा पर सवाल उठते हैं। नोटिस में कथित तौर पर किए गए इस दावे पर भी आपत्ति जताई गई है कि केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) पहले ही मामले की जांच कर चुका है और ठाकरे को क्लीन चिट दे चुका है।
नोटिस में दो सितंबर को बंबई उच्च न्यायालय में हुई कार्यवाही का उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि सीबीआई ने स्पष्ट किया था कि उसने इस मामले में पहले कोई जांच नहीं की थी। नोटिस में 23 मार्च 2025 को देशमुख के कथित बयान का भी उल्लेख किया गया है, जिसमें उन्होंने दिशा सालियान मामले को श्री ठाकरे को बदनाम करने की साजिश बताया था।
सतीश सालियान ने प्रमुख प्रिंट, टेलीविजन और डिजिटल मंचों पर बिना शर्त माफी प्रकाशित करने के साथ-साथ संबंधित आधिकारिक सोशल मीडिया खातों पर कम से कम तीन मिनट का वीडियो जारी कर माफी मांगने की मांग की है। यह नोटिस सीबीआई द्वारा 14 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज किए जाने के कुछ दिन बाद आया है। बंबई उच्च न्यायालय ने 2020 में दिशा सालियान की मौत की नए सिरे से जांच का निर्देश दिया था।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
