अब डाकिया नहीं, ड्रोन ला रहा डाक, विभाग का मंडी-शिमला में ट्रायल सफल, शेष विधानसभा क्षेत्रों में सुविधा जल्द
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-मंडी
हिमाचल प्रदेश में अब वह दिन दूर नहीं जब एक ड्रोन डाक लेकर पहुंचेगा और डाकिया नजर तक नहीं आएगा। डाक विभाग ने मंडी और शिमला में ड्रोन से डाक पार्सल पोस्ट आफिस ब्रांच तक ड्रोन से पहुंचाने का ट्रायल पूरा कर लिया है। इसके बाद अब 110 स्थानों पर डाक ड्रोन से पहुंचाने की तैयारी चल रही है। मंडी और शिमला के आसमां में डाक ड्रोन मंडरा रहे हैं। इन ड्रोन में सात से दस किलो भार तक के डाक पार्सल एक पोस्ट आफिस से दूसरे पोस्ट आफिस को भेजे जा रहे हैं। ट्रायल आधार पर मंडी में चार ड्रोन उड़ाए गए हैं, और अब इनको रेगुलर डाक सेवा के लिए प्रयोग किया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश में भारत पोस्ट की ड्रोन से डाक पार्सल डिलीवरी सेवा मुख्य रूप से मंडी जिला से शुरू हुई है और पूरे राज्य में विस्तार की योजना है। प्रदेश में कुल लगभग 110 रूट्स एवं लोकेशन्स पर ड्रोन डाक सेवा शुरू करने की योजना है। यह स्काई एयर मोबिलिटी के साथ पार्टनरशिप में हो रहा है।
दिन का काम सात से दस मिनट में पूरा
मंडी और शिमला में ड्रोन से डाक पहुंचाने के काम में जहां पूरा दिन भी लग जाता था ड्रोन से यही काम सात से दस मिनट में पूरा किया जा रहा है। ड्रोन के संचालन को लेकर दोनों तरफ ऑपरेटर तैनात रहते हैं। डाक विभाग द्वारा उड़ाए जा रहे इन ड्रोन को पांच से 80 किलोमीटर की रेंज में डाक लेकर भेजा जा सकता है।
ड्रोन का किराया 17 हजार
डाक लेकर आसमां में मंडरा रहे एक ड्रोन का मासिक किराया 17 हजार के आसपास है। यह ड्रोन पांच मिनट से लेकर 15 मिनट के भीतर डाक डिलीवरी कर रहे हैं। भारी बारिश के दौरान फिलहाल इन ड्रोन को नहीं उड़ाया जाता है ।
यहां से भरी जा रही उड़ान
मंडी प्रधान डाकघर से रेहड़धार, मंडी से पधियूं, जोगिंद्रनगर से ब्यूं, मंडी हेड आफिस से रंधाडा, मंडी से अलाथू, मंडी से टिल्ली और मंडी से मझवाड तक ड्रोन डाक लेकर उड़ रहे हैं। इन स्थानों की दूरी मंडी हेड पोस्ट आफिस से नौ से लेकर 15 किलोमीटर तक है। मंडी में ही ड्रोन से कुल 30 सब पोस्ट आफिस तक डाक पहुंचाने की कवायद तेज हो गई है। शिमला के हाटकोटी सब-पोस्ट ऑफिस से काठासू, एंटी, झराग, नंदपुर शाखा डाकघरों तक ड्रोन डाक सेवा शुरू की गई है।
चार ड्रोन का इस्तेमाल
मंडी प्रमुख डाक अधिक्षक संजय ने बताया कि चार ड्रोन से डाक सेवा का काम लिया जा रहा है। जिला में जल्द ही तीस अन्य लोकेशन पर भी यह सेवा शुरू की जाएगी। ड्रोन से पांच से 15 मिनट के भीतर पार्सल एक स्थान से दूसरे स्थान पर पंहुचाया जा रहा है।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
